एकतरफा प्रेम में खौफनाक हमला: मंदिर से लौट रही महिला पर कटर से वार, ICU में भर्ती

एकतरफा प्रेम में खौफनाक हमला: मंदिर से लौट रही महिला पर कटर से वार, ICU में भर्ती

 एकतरफा प्रेम के जुनून ने हिंसक रूप ले लिया जब नेवई थाना क्षेत्र में एक युवक ने मंदिर से घर लौट रही विवाहित युवती पर धारदार कटर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला के शरीर पर करीब 60 टांके लगाए गए हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक ने कथित एकतरफा प्रेम के चलते विवाहित महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना 15 फरवरी की शाम लगभग 5 बजे की है।

जानकारी के अनुसार, महिला महाशिवरात्रि के अवसर पर अपने मायके शिवपारा स्टेशन मरोदा आई हुई थी। वह बैकुंठधाम मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान इंदा चौक के पास एक गली में पहले से पीछा कर रहे युवक ने उसे रोक लिया और बातचीत का दबाव बनाने लगा। महिला द्वारा इंकार करने पर आरोपी ने गुस्से में आकर कटर से हमला कर दिया।

हमले में महिला की गर्दन, दाहिने हाथ की कलाई, गाल और पसलियों के पास गंभीर चोटें आईं। परिजनों के अनुसार, उसके शरीर पर लगभग 60 टांके लगाए गए हैं। स्थिति गंभीर होने के कारण उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। पीड़िता ने बताया कि यदि वह समय रहते झुककर खुद को नहीं बचाती, तो हमला जानलेवा साबित हो सकता था।

परिवार का आरोप है कि युवक पिछले छह वर्षों से महिला को परेशान कर रहा था। कॉलेज के समय से वह उसका पीछा करता था और शादी के बाद भी उसे फोन व मुलाकात के लिए दबाव बनाता रहा। जब-जब महिला मायके आती थी, आरोपी उसे फिर से प्रताड़ित करने लगता था। आरोपी का घर पीड़िता के घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है।

परिजनों का यह भी कहना है कि आरोपी पहले भी महिला के पिता और भाई को जान से मारने की धमकी दे चुका था तथा घर के आसपास मंडराकर डराने का प्रयास करता था।

घटना की सूचना मिलते ही नेवई पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने परिवार को निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हालांकि, परिजन आरोपी के खिलाफ सख्त सजा की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।