सीएम हाउस के पास सरकारी वाहन की टक्कर से छात्र की मौत, बहन गंभीर, चालक फरार
स्कूल जा रहे EV स्कूटर सवार भाई-बहन को पीछे से मारी टक्कर, सिविल लाइन थाना क्षेत्र की घटना
रायपुर। राजधानी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरकारी वाहन की लापरवाही सामने आई है। सीएम हाउस के समीप तेज रफ्तार सरकारी वाहन ने स्कूल जा रहे भाई-बहन के EV स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें 14 वर्षीय छात्र की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।
राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। छत्तीसगढ़ क्लब के सामने सीएम हाउस के पास सुबह करीब 7.50 बजे स्कूल जा रहे भाई-बहन के EV स्कूटर को एक तेज रफ्तार सरकारी वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में स्कूटर चला रहे अंश आठवानी (14 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी बहन नमिसा गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्ची को तत्काल डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बच्चे सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद चालक सरकारी वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया, जिससे घटना को लेकर आक्रोश और बढ़ गया है।
मामले की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सरकारी वाहन तेज रफ्तार में था। उन्होंने कहा कि फरार चालक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात नियंत्रण को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
suntimes 