रायपुर में अवैध पेट्रोल-डीजल का भंडाफोड़: 46 हजार लीटर तेल जब्त, 9 आरोपी गिरफ्तार
टेकारी और पिरदा चौक के दो यार्डों में छापा; बिहार-यूपी के युवक भी शामिल, 45 लाख का जखीरा जब्त
राजधानी रायपुर में पुलिस ने अवैध पेट्रोल-डीजल कारोबार का बड़ा भंडाफोड़ किया है। विधानसभा थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग यार्डों पर की गई छापेमारी में 46 हजार लीटर से अधिक पेट्रोल-डीजल जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 45 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बिहार और उत्तर प्रदेश के युवक भी शामिल हैं।
रायपुर। राजधानी पुलिस को विधानसभा थाना क्षेत्र में अवैध पेट्रोल-डीजल कारोबार की सूचना मिली थी। इसके बाद रेंज साइबर थाना और विधानसभा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए टेकारी चौक और पिरदा चौक स्थित दो अलग-अलग यार्डों पर छापा मारा। इस दौरान यार्डों से तीन टैंकर और दर्जनों ड्रमों में भरा करीब 46 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल जब्त किया गया। जब्त तेल की कीमत 45 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
टेकारी चौक स्थित यार्ड से पुलिस ने 42.30 लाख रुपए का डीजल-पेट्रोल बरामद किया। यहां मौके से पांच आरोपी गिरफ्तार हुए, जिनमें रवि यादव (उत्तर प्रदेश), नीरज नेताम (मुंगेली), शेख कलीमुद्दीन (रायपुर), शैलेन्द्र उर्फ बिहारी (बिहार) और राज पटेल (रायपुर) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि यार्ड से तीन टैंकरों में 40 हजार लीटर से अधिक तेल भरा हुआ मिला, इसके अलावा कई ड्रमों से भी अवैध स्टॉक बरामद किया गया।
इसी तरह पिरदा चौक स्थित यार्ड पर छापेमारी की गई। यहां से चार आरोपियों अखिलेश चौबे, नीरज कुमार, अरविंद गोड और रोहित सरोज को पकड़ा गया। चारों मूल रूप से उत्तर प्रदेश और भदोही जिले के रहने वाले हैं, लेकिन लंबे समय से रायपुर में रहकर कारोबार कर रहे थे। इनके पास से 1.40 लाख रुपए का डीजल-पेट्रोल जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान जब आरोपियों से तेल के लाइसेंस और दस्तावेज मांगे गए तो उन्होंने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों यार्ड सील कर दिया और पेट्रोल-डीजल के नमूने एफएसएल जांच के लिए भेज दिए हैं। आरोपियों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अवैध कारोबार न केवल गैरकानूनी हैं बल्कि आगजनी और अन्य खतरों की दृष्टि से बेहद जोखिम भरे होते हैं।
suntimes 