हथियार और 141 पौवा शराब के साथ चार तस्कर दबोचे
दुर्ग पुलिस की ऑपरेशन "विश्वास" के तहत बड़ी कार्रवाई, आरोपियों से पिस्टल-कट्टा, कारतूस और नकदी जब्त
थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने कसारीडीह वार्ड में छापा मारते हुए अवैध शराब तस्करी में लिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 141 पौवा देशी मसाला शराब, पिस्टल, देशी कट्टा, 06 जिंदा कारतूस, धारदार चाकू और 3920 रुपये नगद जब्त किए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों में दो पहले से ही हत्या जैसे गंभीर अपराध में जेल जा चुके हैं।
दुर्ग। ऑपरेशन "विश्वास" के तहत नशे और अपराध के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच पुलिस को सूचना मिली कि कसारीडीह वार्ड 44 में पवन कुर्रे अपने भाई विनोद कुर्रे, भांजे कृष्ण कुमार जोशी और साथी सूर्यदेव कोठारी उर्फ गोपा के साथ मिलकर अवैध शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना पर दुर्ग पुलिस की विशेष टीम ने छापा मारा।
छापे में पवन कुर्रे के मकान से 93 पौवा देशी मसाला शराब, आलमारी से 01 पिस्टल, कारतूस और धारदार चाकू मिला। पूछताछ में पवन ने बताया कि वह अपने भाई और साथियों के साथ मिलकर संगठित रूप से शराब बेचता है। इसके बाद बाकी आरोपियों से भी तलाशी में अवैध सामान मिला।
- विनोद कुर्रे से 01 मैग्जिन और 03 जिंदा कारतूस
- सूर्यदेव कोठारी से 01 देशी कट्टा और 02 कारतूस
- कृष्ण कुमार जोशी से 48 पौवा शराब
बरामद हुई।
चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट, 25 और 27 आर्म्स एक्ट व 112(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर (मापुसे), थाना प्रभारी राजकुमार लहरे, उप निरीक्षक रोशन बघेल, सउनि चन्द्रशेखर सोनी, प्रआर रोहित करमाकर, मनीष अग्निहोत्री, आरक्षक ओमप्रकाश, खिलेश कुर्रे, हिमांशु जंघेल, गजेन्द्र यादव, दिव्यराज बोरकर, मआर तृप्ति ध्रुवे और उमाडाली यदु का विशेष योगदान रहा।
suntimes 