निवेशकों की पहली पसंद बन रहा छत्तीसगढ़, कारोबारी माहौल और सुशासन में देश के बड़े राज्यों में अव्वल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले- पारदर्शी शासन और नीतिगत सुधारों से बढ़ा निवेशकों का भरोसा

निवेशकों की पहली पसंद बन रहा छत्तीसगढ़, कारोबारी माहौल और सुशासन में देश के बड़े राज्यों में अव्वल

रायपुर। निवेश और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। क्रिसिल-नीति आयोग के इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स-2026 में राज्य ने नियमों में आसानी (रेग्युलेटरी ईज) और संस्थागत माहौल (इंस्टीट्यूशनल एनवायरनमेंट) जैसे महत्वपूर्ण मानकों पर देश के 17 बड़े राज्यों में पहला स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे राज्य में लागू किए गए प्रशासनिक सुधारों, पारदर्शी सुशासन और निवेशक-अनुकूल नीतियों का परिणाम बताते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि रोजगार और समावेशी आर्थिक विकास को नई गति देना है।

राष्ट्रीय रैंकिंग में छत्तीसगढ़ का दमदार प्रदर्शन

क्रिसिल और नीति आयोग द्वारा जारी इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स-2026 में छत्तीसगढ़ को कुल 47.5 अंक मिले हैं। समग्र रैंकिंग में राज्य नौवें स्थान पर रहा, लेकिन निवेश से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण मानकों—रेग्युलेटरी ईज और इंस्टीट्यूशनल एनवायरनमेंट—में शीर्ष स्थान हासिल कर राज्य ने अपनी मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था का परिचय दिया है। पर्यावरणीय लचीलेपन के मामले में भी छत्तीसगढ़ दूसरे स्थान पर रहा।

उद्योगों के लिए आसान हुई प्रक्रियाएं

रिपोर्ट के अनुसार उद्योगों को आवश्यक अनुमतियां, एनओसी, बिजली-पानी कनेक्शन और निर्माण स्वीकृति पहले की तुलना में अधिक तेजी से उपलब्ध हो रही हैं। नियमों में आसानी के मानक पर राज्य को 12 में से 8.4 अंक मिले हैं, जो कई स्थापित औद्योगिक राज्यों से बेहतर प्रदर्शन दर्शाते हैं। इससे निवेशकों के लिए कारोबार शुरू करना और संचालित करना अधिक सरल हुआ है।

मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था से बढ़ा निवेशकों का विश्वास

संस्थागत माहौल के मानक में छत्तीसगढ़ ने 6 में से 4.5 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। यह श्रेणी शासन की गुणवत्ता, नीतिगत स्थिरता, शिकायतों के त्वरित समाधान, आर्थिक एवं साइबर अपराध नियंत्रण तथा श्रमिक विवादों के प्रबंधन जैसे पहलुओं पर आधारित है। रिपोर्ट के अनुसार राज्य में उद्योगों को स्थिर और भरोसेमंद प्रशासनिक वातावरण उपलब्ध हो रहा है।

पर्यावरण और संसाधनों के मामले में भी मजबूत स्थिति

पर्यावरणीय लचीलेपन में राज्य देश के बड़े राज्यों में दूसरे स्थान पर रहा। वहीं प्राकृतिक संसाधनों की उपलब्धता के मामले में छत्तीसगढ़ तीसरे स्थान पर है। कोयला, लिग्नाइट और विभिन्न खनिजों के प्रचुर भंडार के साथ राज्य औद्योगिक निवेश के लिए अनुकूल आधार प्रदान कर रहा है। वित्तीय अनुशासन और औद्योगिक क्षेत्र की मजबूत हिस्सेदारी भी राज्य की आर्थिक क्षमता को मजबूती देती है।

एआई और डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ते कदम

नवा रायपुर में देश के पहले एआई डेटा सेंटर पार्क का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। करीब एक हजार करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही इस परियोजना में एक लाख जीपीयू क्षमता विकसित करने की योजना है। इसके साथ ही राज्य में समर्पित डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर की स्थापना भी की जा रही है, जिससे छत्तीसगढ़ डिजिटल और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित उद्योगों का नया केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव

राज्य सरकार के अनुसार पिछले 18 महीनों में छत्तीसगढ़ को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, टेक्सटाइल, फार्मास्युटिकल्स, एग्रो-प्रोसेसिंग और अन्य उच्च तकनीक आधारित उद्योग शामिल हैं। सरकार का मानना है कि इन निवेशों से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया सुशासन का परिणाम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि निवेशक-अनुकूल वातावरण, पारदर्शी प्रशासन और औद्योगिक सुधारों के कारण छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों के लिए सरल, तेज और भरोसेमंद व्यवस्था विकसित करने के साथ रोजगार सृजन और संतुलित आर्थिक विकास के लक्ष्य पर लगातार कार्य कर रही है। आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा।