भिलाई निगम आयुक्त का पौधा भेंटकर स्वागत, 'हर आंगन एक पेड़' अभियान को मिलेगा नया विस्तार

आर्टकॉम प्रतिनिधिमंडल ने पर्यावरण संरक्षण और वर्षा जल संचयन को भवन अनुमति से जोड़ने का दिया सुझाव, निगम ने सकारात्मक पहल का दिया भरोसा

भिलाई निगम आयुक्त का पौधा भेंटकर स्वागत, 'हर आंगन एक पेड़' अभियान को मिलेगा नया विस्तार

भिलाई। नगर पालिका निगम भिलाई की नवनियुक्त आयुक्त सुश्री सुरुचि सिंह का आर्टकॉम 'हर आंगन एक पेड़' अभियान के पदाधिकारियों ने पौधा भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई तथा संस्था ने निगम के साथ मिलकर जनहित के अभियानों में सक्रिय सहयोग का भरोसा दिया।

नगर पालिका निगम भिलाई की नवनियुक्त आयुक्त सुश्री सुरुचि सिंह से आर्टकॉम 'हर आंगन एक पेड़' अभियान के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट कर उनका स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने पौधा भेंटकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और संस्था द्वारा पिछले आठ वर्षों से किए जा रहे जनजागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यों की जानकारी साझा की।

भेंट के दौरान संस्था के संरक्षक करमजीत सिंह, अध्यक्ष गुरुनाम सिंह, मीडिया सलाहकार अमिताभ भट्टाचार्य, मेघा कौर तथा संतोष जायसवाल उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त को संस्था द्वारा वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण और वर्षा जल संचयन के क्षेत्र में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया, जिसकी आयुक्त ने सराहना की।

संस्था के अध्यक्ष गुरुनाम सिंह ने सुझाव दिया कि नए भवन निर्माण की अनुमति देते समय प्रत्येक आवास में कम से कम एक पेड़ लगाने तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को अनिवार्य करने पर गंभीरता से विचार किया जाए। उनका कहना था कि इससे शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ भूजल संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

आयुक्त सुश्री सुरुचि सिंह ने संस्था के सुझावों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन से जुड़े प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया तथा इन विषयों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। वहीं संस्था के संरक्षक करमजीत सिंह ने कहा कि पर्यावरण और जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस दिशा में निगम की पहल शहर के लिए लाभकारी साबित होगी।

बैठक के अंत में आर्टकॉम 'हर आंगन एक पेड़' अभियान की टीम ने भविष्य में नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण से जुड़े अभियानों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।