करवाचौथ पर टला बड़ा हादसा, गैस सिलेंडर फटने से घर की रसोई में आग
- दुर्ग के मरारपारा में अचानक हुआ धमाका, घर में मची अफरा-तफरी
- छह सदस्य थे मौजूद, पड़ोसियों ने तत्परता दिखाकर बुझाई आग
- किचन का सामान जला, सभी लोग सुरक्षित
दुर्ग-भिलाई। करवाचौथ के दिन दुर्ग के मरारपारा क्षेत्र में एक घर में गैस सिलेंडर में हुए धमाके से हड़कंप मच गया। धमाके के साथ ही रसोई में आग भड़क उठी और वहां रखा सामान जल गया। घटना के समय घर में छह लोग मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि किसी को चोट नहीं आई और आग को समय रहते फैलने से रोक लिया गया।
बताया गया कि परिवार करवाचौथ की पूजा के लिए प्रसाद तैयार कर रहा था। प्रसाद बनाने के बाद महिला रसोई से निकलकर दूसरे कमरे में चली गई। कुछ देर बाद अचानक सिलेंडर में तेज धमाका हुआ। आवाज सुनते ही घर के लोग घबरा गए। रसोई में आग लगने से वहां रखे बर्तन और अन्य घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। दमकल विभाग को भी सूचना दी गई, लेकिन दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पा लिया। इससे आग घर के अन्य कमरों तक नहीं पहुंच सकी।
हादसे के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। यदि धमाके के वक्त कोई रसोई में मौजूद होता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। मामले की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दे दी गई है। फिलहाल सिलेंडर में धमाका किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
suntimes 