किरंदुल में फिर बाढ़ का अटैक...लोगों को निकाला जा रहा....बालोद का देवरीकला डैम फूटा, कांकेर के कई गांव टापू बने......

किरंदुल में फिर बाढ़ का अटैक...लोगों को निकाला जा रहा....बालोद का देवरीकला डैम फूटा, कांकेर के कई गांव टापू बने......

रायपुर.  मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से नदी-नालों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। वहीं, NMDC का डैम टूटने से बाढ़ की चपेट में आए किरंदुल शहर में फिर पानी बढ़ रहा है। एहतियातन प्रशासन लोगों से घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कह रहा है। इस बीच कई ऐसी तस्वीरें आई हैं, जिनमें हालात काफी चिंताजनक दिख रहे हैं।

वहीं, कांकेर जिले के कई गांव टापू में तब्दील हो गए हैं। कोयलीबेड़ा की मेंढकी नदी उफान पर है ऐसे में ग्रामीण साप्ताहिक बाजार भी नहीं जा पा रहे हैं। इधर, बिलासपुर में बारिश का पानी घरों में घुस रहा है। कलेक्टर ने मैदानी अमले को अलर्ट पर रहने को कहा है। वहीं गरियाबंद के मैनपुर कला में नाला में बाढ़ आ गई। इस दौरान शव को अंतिम संस्कार के लिए नाला पार स्थित शमशान ले जाया गया।

इसके साथ ही बीजापुर जिले के भोपालपटनम ब्लॉक के कई इलाकों में फिर से बाढ़ के हालात बन गए हैं। नेशनल हाइवे-163 तारलागुड़ा और नेशनल हाइवे-63 पर बने पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है। लिहाजा, महाराष्ट्र का सड़क संपर्क छत्तीसगढ़ से टूट गया है।

किरंदुल में एक बार फिर बाढ़ जैसे हालत बन रहे हैं। लगातार हो रही बारिश की वजह से बैलाडीला की पहाड़ी पर स्थित NMDC के प्लांट 11-C की तरफ से लाखों लीटर पानी उतर रहा है, जिससे फिर कुछ वार्ड प्रभावित हुए हैं। कई घरों में पानी घुस गया है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है।

शनिवार सुबह रेलवे स्टेशन कॉलोनी और तालाब पारा के दर्जनों मकानों में पानी घुस गया। प्रशासन की रेस्क्यू टीम एक-एक घर में जाकर लोगों का रेस्क्यू कर रही है। बच्चों, महिला, बुजुर्गों को बाहर निकाला जा रहा है। प्रशासन की टीम अनाउंस कर लोगों से अपील कर रही है कि जिस भी घर में पानी घुस रहा है, वे लोग घर से निकल जाएं, किसी सुरक्षित जगह पर चले जाएं।