कुम्हारी NH-53 पर भीषण सड़क हादसा, स्कूटी सवार चार लोगों की मौत, एक मासूम घायल

हाईवे पर खड़े ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, मृतकों में दो महिलाएं और दो बच्चियां शामिल; हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर कुम्हारी के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

भिलाई। दुर्ग से रायपुर जाने वाले नेशनल हाईवे-53 पर कुम्हारी क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच एक भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कूटी (क्रमांक CG 07 DE 5847) पर पांच लोग सवार थे। इसी दौरान हाईवे पर खड़े ट्रैक्टर (क्रमांक CG 07 NA 0930) से स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसा इतना भयावह था कि स्कूटी सवार दो महिलाओं और दो बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे पर एक ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान स्कूटी चालक संतुलन खो बैठा और सड़क के बीच खड़े ट्रैक्टर से जा टकराया। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात नियंत्रित किया तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान और हादसे की अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि हादसे के समय एक राजनीतिक काफिला वहां से गुजर रहा था और पुलिस प्रोटोकॉल ड्यूटी में व्यस्त होने के कारण तत्काल राहत कार्य प्रभावित हुआ। हालांकि, इस संबंध में पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।