दुर्ग में महिला सुरक्षा की नई पहल: 14 'पिंक पेट्रोलिंग' टीमें संभालेंगी सुरक्षा की कमान
एसएसपी विजय अग्रवाल ने दिखाई हरी झंडी, स्कूल-कॉलेज से लेकर बाजार और सार्वजनिक स्थलों तक रहेगी विशेष निगरानी, शिकायतों पर मिलेगी तत्काल पुलिस सहायता
महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने जिले में "पिंक पेट्रोलिंग" अभियान की शुरुआत की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने 14 विशेष पिंक पेट्रोलिंग टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये टीमें जिले के सभी प्रमुख थाना क्षेत्रों में लगातार गश्त कर महिला सुरक्षा, त्वरित सहायता और जन-जागरूकता का जिम्मा संभालेंगी।
भिलाई। महिलाओं की सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में दुर्ग पुलिस ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए "पिंक पेट्रोलिंग" अभियान का शुभारंभ किया। सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने 14 विशेष पिंक पेट्रोलिंग टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये टीमें जिले के 13 थाना क्षेत्रों तथा एक रक्षा टीम के रूप में कार्य करते हुए महिलाओं, छात्राओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी।
पुलिस के अनुसार प्रत्येक पिंक पेट्रोलिंग टीम में चार प्रशिक्षित पुलिसकर्मी और एक पीएसआई प्रभारी तैनात किया गया है। इन टीमों की नियमित गश्त स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, बाजार, मॉल, पार्क, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर रहेगी, ताकि महिलाओं से जुड़े अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
पिंक पेट्रोलिंग का मुख्य उद्देश्य छेड़छाड़, उत्पीड़न और अन्य महिला अपराधों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करना है। डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1091 और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त सूचनाओं पर टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करेंगी। साथ ही असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
अभियान के तहत छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जागरूकता भी दी जाएगी, जिससे वे किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क कर सकें। दुर्ग पुलिस का मानना है कि इस पहल से महिलाओं में सुरक्षा की भावना और पुलिस के प्रति विश्वास दोनों मजबूत होंगे।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मलीशंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर, नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक (लाइन), उप पुलिस अधीक्षक सुश्री भारती मरकाम एवं सुश्री आकर्षि कश्यप सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
पिंक पेट्रोलिंग अभियान के संचालन, समन्वय और मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक सुश्री भारती मरकाम एवं सुश्री आकर्षि कश्यप को सौंपी गई है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और छात्राओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, छेड़छाड़ या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1091 या निकटतम पुलिस थाने को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
suntimes 