एडवांस लेकर भी पंजाब नहीं पहुंचाई खली, 35 टन माल के मामले में ट्रांसपोर्टर गिरफ्तार
दुर्ग की मनोरमा इंडस्टरीज ने दर्ज कराई थी शिकायत, भटिंडा भेजी जा रही खेप ट्रक समेत मिली; चालक अब भी फरार
दुर्ग। माल की ढुलाई का जिम्मा लेकर एडवांस राशि लेने के बाद खेप गंतव्य तक नहीं पहुंचाने के मामले में दुर्ग पुलिस ने ट्रांसपोर्टर को गिरफ्तार किया है। मनोरमा इंडस्टरीज से पंजाब के भटिंडा भेजी जा रही 35.222 टन साल बीज की खली निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंची थी। जांच के दौरान पुलिस ने ट्रक और माल बरामद कर लिया था। अब आरोपी ट्रांसपोर्टर अवनीश दुबे को रायपुर के टाटीबंध से गिरफ्तार किया गया है।
1.39 लाख रुपए में तय हुआ था परिवहन
जानकारी के अनुसार, करंजा भिलाई स्थित मनोरमा इंडस्टरीज ने साल बीज की खली पंजाब के भटिंडा भेजने के लिए यूटीएस ट्रांसपोर्ट के माध्यम से परिवहन की व्यवस्था की थी। इसके लिए कुल 1,39,471 रुपए में सौदा तय हुआ था। ट्रांसपोर्टर अवनीश दुबे को 1,09,471 रुपए एडवांस के रूप में दिए गए थे।
इसके बावजूद खेप निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंची। मामले को लेकर कंपनी के मैनेजर मनोज कुमार सिंह ने 19 मार्च 2026 को जेवरा सिरसा चौकी में शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अवनीश दुबे, ट्रक मालिक रोहित उर्फ राहुल दीक्षित और चालक जयप्रकाश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
35.222 टन खली के साथ ट्रक भी मिला
पुलिस की जांच में परिवहन के लिए इस्तेमाल किए गए ट्रक क्रमांक एमपी 16 एच 5792 का पता चला। इसके बाद ट्रक मालिक रोहित उर्फ राहुल दीक्षित से ट्रक और उसमें भरी 35.222 टन साल बीज की खली बरामद की गई। माल की बरामदगी के बाद पुलिस फरार ट्रांसपोर्टर की तलाश में जुटी थी।
लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने 15 अक्टूबर को रायपुर के टाटीबंध इलाके में कार्रवाई करते हुए अवनीश दुबे को गिरफ्तार कर लिया। उसे दुर्ग के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बीएनएस की धाराओं में दर्ज है मामला
पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। ट्रांसपोर्टर की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन ट्रक चालक जयप्रकाश अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और फरार चालक के पकड़े जाने के बाद अन्य तथ्यों की जानकारी मिल सकती है।
suntimes 