फेमस एक्टर की नींद में हुई मौत, ऐश्वर्या राय संग किया था इस बड़ी फिल्म में काम

फेमस एक्टर की नींद में हुई मौत, ऐश्वर्या राय संग किया था इस बड़ी फिल्म में काम

ऐश्वर्या राय के साथ काम कर चुके फेमस एक्टर तमल रॉय चौधरी को हार्ट अटैक आया और उन्होंने दम तोड़ दिया। इस खबर से उनके फैंस हैरान रह गए और इंडस्ट्री में भी मातम छा गया है।

इंडस्ट्री से बेहद दुखद खबर आ रही है। फेमस बंगाली फिल्म और टेलीविजन एक्टर तमल रॉय चौधरी की मौत हो गई है। उन्होंने 9 मार्च को दुनिया को अलविदा कह दिया है। जैसे ही खबर आई हर कोई हैरान रह गया। लोग अपने फेवरेट एक्टर को याद कर रहे हैं और उनकी फोटो शेयर कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। तमल रॉय चौधरी ने कोलकाता में अपने घर पर 80 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। परिवार के सदस्यों ने पीटीआई (PTI) को जानकारी देते हुए बताया कि उनका निधन नींद के दौरान 'कार्डियक अरेस्ट' की वजह से हुआ है।

तमल रॉय की हुई नींद में मौत 

तमल रॉय बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने कैरेक्टर एक्टर थे और उन्होंने अपने एक्टिंग की शुरुआत थिएटर से की थी। वह पूरी जिंदगी थिएटर से गहराई से जुड़े रहे। थिएटर उनका पहला पैशन था, लेकिन साल 1990 के बाद वह बंगाली टेलीविजन और फिल्मों का एक जाना-पहचाना चेहरा बन गए थे। उन्होंने कमर्शियल और आर्ट फिल्मों, दोनों में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया।

तमल रॉय ने किया था ऐश्वर्या राय संग काम 

तमल रॉय को असली पहचान साल 2003 में रितुपर्णो घोष की नेशनल अवॉर्ड विनिंग फिल्म 'चोखेर बाली' से मिली थी। रवींद्रनाथ टैगोर के उपन्यास पर आधारित इस फिल्म में उन्होंने ऐश्वर्या राय और प्रोसेनजीत चटर्जी जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया था। इसके अलावा उन्होंने 'चैलेंज', 'अमेजन ओभीजान', 'चंदर पहाड़' और 'जातिस्वर' जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं थीं। हालांकि, पिछले कुछ सालों से बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों की वजह से उन्होंने काम करना काफी कम कर दिया था।

इंडस्ट्री में शोक की लहर 

तमल रॉय के निधन की खबर मिलते ही पूरी बंगाली इंडस्ट्री में शोक ली लहर छा गई है। एक्टर और राजनेता देबदुत घोष ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए उन्हें याद किया। घोष ने लिखा, "वह एक बहुत ही मिलनसार और जिंदादिल इंसान थे। उन्हें लंबी बातें करना पसंद था और वह अपने जूनियर्स का हमेशा ख्याल रखते थे। जब भी कोई काम के दौरान फंसता था, वह मदद के लिए सबसे आगे रहते थे।"

ऐसे में उनके जाने से बंगाली सिनेमा ने एक ऐसा कलाकार खो दिया है जो न केवल अपनी एक्टिंग, बल्कि अपने सरल स्वभाव के लिए भी जाना जाता था। फैंस और फिल्मी सितारे सोशल मीडिया पर उन्हें नम आंखों से विदाई दे रहे हैं।