गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
रायपुर के घड़ी चौक पर सिलेंडर लेकर उतरे कांग्रेसी, महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना
रायपुर। रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर सोमवार को राजधानी रायपुर में कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर के घड़ी चौक पर आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हाथों में गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई के मुद्दे को उठाया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और व्यावसायिक सिलेंडर में 110 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। उनका आरोप है कि यह निर्णय पहले से महंगाई से जूझ रही आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला है।
पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई बढ़ोतरी को वापस नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन तेज किया जाएगा। इसके तहत तेल कंपनियों के सरकारी उपक्रमों के कार्यालयों का घेराव करने की भी घोषणा की गई है।
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अपील पर बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश और शहर स्तर के वरिष्ठ नेता, सांसद व पूर्व सांसद, विधायक व पूर्व विधायक, पार्षद और पूर्व पार्षद सहित पार्टी के विभिन्न मोर्चा और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, किसान कांग्रेस, अल्पसंख्यक विभाग, अनुसूचित जाति-जनजाति विभाग, पिछड़ा वर्ग विभाग और झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ समेत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी प्रदर्शन में भाग लिया।
मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता घड़ी चौक पर एकत्र हुए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता के हितों की रक्षा के लिए पार्टी आगे भी महंगाई के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।
suntimes 