बीएसपी की बड़ी कार्रवाई, अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर

सेक्टर-7 और नेवई पांडेपारा में 3 अवैध मकान, बाउंड्री व कई शेड ध्वस्त, करीब 22 हजार वर्गफीट जमीन कराई गई खाली

बीएसपी की बड़ी कार्रवाई, अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर

भिलाई। सेल के भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के इन्फोर्समेंट विभाग ने टाउनशिप क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। अभियान के तहत सेक्टर-7 और नेवई के पांडेपारा क्षेत्र में अवैध रूप से बनाए गए कई निर्माणों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।

सेक्टर-7 में उन गैरेजों और अस्थायी शेडों को हटाया गया, जहां कुछ लोगों ने टेंट, फल और केटरिंग व्यवसाय से जुड़ी सामग्री रखकर अवैध कब्जा कर रखा था। कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को क्षेत्र खाली करने की सूचना दी गई थी। इसके बाद टीम ने अवैध संरचनाओं को हटाते हुए करीब 2000 वर्गफीट जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।

इसी तरह नेवई के पांडेपारा इलाके में ईंटों से बनाए जा रहे तीन अवैध मकानों के निर्माणाधीन ढांचे को गिरा दिया गया। साथ ही दो तरफ बनाई गई बाउंड्री वॉल को भी ध्वस्त किया गया। यहां करीब 20 हजार वर्गफीट क्षेत्र में सुनियोजित तरीके से अवैध प्लॉटिंग किए जाने की जानकारी सामने आई थी।

बीएसपी प्रशासन ने कब्जेदारों को चेतावनी दी है कि शेष अवैध निर्माण वे स्वयं हटा लें, अन्यथा आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान नेवई थाना पुलिस का सहयोग भी लिया गया। सहायक महाप्रबंधक (प्रवर्तन) रेमी थॉमस के नेतृत्व में उप प्रबंधक (प्रवर्तन) मुकुंद दास मानिकपुरी, संपदा निरीक्षक राममूर्ति, रमाकांत यादव, भगवान, बलराम शुक्ला, अजय मिश्रा, कुद्बुद्दीन कुरैशी समेत पुरुष व महिला गार्ड की टीम मौजूद रही।

बीएसपी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्लांट की जमीन पर अवैध कब्जा या अवैध कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बीएसपी की जमीन पर कब्जा दिलाने का झांसा देने वाले बिचौलियों के बहकावे में न आएं, अन्यथा उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।