मामूली विवाद में ऑटो चालक ने युवक पर किया चाकू-रॉड से वार, पत्नी मदद मांगती रही, इधर लोग बनाते रहे वीडियो
राजधानी में ऑटो वाले की बेखौफ गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। मामूली विवाद में ऑटो चालक खुलेआम एक युवक पर चाकू-रॉड से वार करता रहा।
राजधानी में ऑटो वाले की बेखौफ गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। मामूली विवाद में ऑटो चालक खुलेआम एक युवक पर चाकू-रॉड से वार करता रहा। युवक की पत्नी मदद के लिए चिल्लाती। कई लोग घटना का वीडियो बनाते रहे। कुछ देर बाद लोगों ने साहस दिखाकर बचाव किया। बाद में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। घायल युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक, अमलेश्वर इलाके में रहने वाला लोकेश वर्मा (29) रविवार को पत्नी लोकेश्वरी के साथ अपने मामा के घर खमतराई जा रहा था। सुबह करीब 11 बजे स्टेशन रोड पर रंजीत होटल के पास उनकी बाइक को ई-रिक्शा सीजी 04 पीवाय 9389 के चालक हेमंत निषाद ने ओवरटेक किया। इससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
लोकेश ने हेमंत को ठीक ढंग से ऑटो चलाने को कहा तो वह गाली-गलौज करने लगा। लोकेश ने भी जवाब दिया, तो ऑटो चालक हेमंत ने चाकू निकाला और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे लोकेश लहूलुहान हो गया। कुछ लोगों ने उसे बचाया। इसके बाद आरोपी ने ऑटो से लोहे की रॉड निकालकर उस पर हमला कर दिया। लोकेश की पत्नी ने किसी तरह आरोपी से उसे बचाया। इसके बाद आरोपी ऑटो लेकर फरार हो गया। घायल लोकेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया
मदद के बजाय वीडियो बनाते रहे लोग
घटना के समय भीड़ की अमानवीयता भी सामने आई है। करीब 15 मिनट तक ऑटो वाला युवक को मारता रहा। उसकी पत्नी आसपास के लोगों से मदद मांगती रही, लेकिन कोई बचाव करने नहीं आया। कुछ लोग वीडियो बनाते रहे। कुछ लोगों ने साहस दिखाकर बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोपी ने चाकू छोड़ दिया। घटना की सूचना के बाद गंज पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
ऑटो वालों की पुलिस नहीं करती जांच
शहर में कई अपराधिक प्रवृत्ति के लोग भी सवारी ऑटो चला रहे हैं। पुलिस सवारी ऑटो चालकों की जांच नहीं करती है। उनके पहचान संबंधी जानकारी नहीं लेती। वेरीफिकेशन भी नहीं किया जाता। यही वजह है कि कुछ आदतन बदमाश भी सवारी ऑटो चलाने लगे हैं। ये ग्राहकों से बदतमीजी तो करते ही हैं, साथ ही आम लोगों से भी गुंडागर्दी करने लगते हैं
suntimes 