रायगढ़ में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 869 बोतलें जब्त; करोड़ों के अवैध नेटवर्क का खुलासा

‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस-आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, ब्रांडेड शराब के नाम पर चल रहा था नकली कारोबार; एक गिरफ्तार, दो आरोपी फरार

रायगढ़ में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 869 बोतलें जब्त; करोड़ों के अवैध नेटवर्क का खुलासा

रायगढ़। जिले में नकली शराब के संगठित कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस और आबकारी विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त टीम ने कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में छापेमार कार्रवाई कर ब्रांडेड शराब के नाम पर संचालित अवैध निर्माण और बिक्री के नेटवर्क का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान 869 बोतल नकली शराब और शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम धनागर स्थित एक ठिकाने पर लंबे समय से नामी कंपनियों के ब्रांड की पैकेजिंग का इस्तेमाल कर नकली शराब तैयार की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में करीब 240 लीटर अवैध मदिरा बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 16 हजार 245 रुपये बताई गई है।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों द्वारा रॉयल स्टेज, आईबी, ब्लैक डॉग, गोवा, रिजर्व क्वार्टर और किंगफिशर जैसे लोकप्रिय ब्रांडों के नाम और पैकेजिंग का दुरुपयोग कर बाजार में नकली शराब खपाई जा रही थी। मौके से 560 ढक्कन, स्प्रिट से भरे ड्रम, केटली, खाली बोतलें तथा अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू (47 वर्ष) निवासी ग्राम धनागर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस अवैध कारोबार से जुड़े सुभाष पटेल और विनय सिंह फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि यह अवैध नेटवर्क कोरोना काल से सक्रिय था और क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में नकली शराब की आपूर्ति कर रहा था। पुलिस अब इसके आर्थिक और आपराधिक नेटवर्क की गहन पड़ताल कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि नकली शराब के कारोबार में शामिल पूरे नेटवर्क को चिन्हित किया जा रहा है। इस अवैध गतिविधि से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।