सूर्या मॉल के पास नो पार्किंग में खड़े 172 वाहनों पर कार्रवाई
चारपहिया वाहनों के ई-चालान काटे, दोपहिया वाहनों को क्रेन से उठाकर यातायात कार्यालय पहुंचाया
भिलाई। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन कर नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ दुर्ग यातायात पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। सूर्या मॉल के आसपास रविवार, 25 अक्टूबर को चलाए गए विशेष अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले 172 वाहनों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने चारपहिया वाहनों के ई-चालान जारी किए, जबकि नो पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन से हटाकर यातायात कार्यालय पहुंचाया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़कों पर आवागमन बाधित होने से रोकना और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है। कार्रवाई के दौरान नो पार्किंग में खड़े चारपहिया वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत ई-चालान की कार्रवाई की गई। वहीं, नियमों की अनदेखी कर सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया गया।
नियमों का पालन करने की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और सड़क किनारे प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, नो पार्किंग के कारण सड़क पर जाम और आवागमन में परेशानी की स्थिति बनती है। शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
suntimes 