टूर एंड ट्रेवल फ्रेंचाइज़ी के नाम पर डेढ़ करोड़ की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार

'लेट्स ट्रेवल फ्री' स्कीम से लोगों को लगाया चूना, भिलाई सहित कई जिलों में दर्ज हैं मामले

भिलाई में एक शातिर पति-पत्नी ने टूर एंड ट्रेवल फ्रेंचाइज़ी देने के नाम पर करोड़ों की ठगी कर डाली। पीड़ितों को मोटे मुनाफे का झांसा देकर उन्होंने लगभग 1.5 करोड़ रुपये की ठगी की। सुपेला पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

भिलाई। टूर एंड ट्रेवल कंपनी की फ्रेंचाइज़ी और स्कीम के नाम पर आम लोगों को ठगने वाले पति-पत्नी की जोड़ी आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गई है। "लेट्स ट्रेवल फ्री" नाम से सूर्या मॉल, जुनवानी में कार्यालय संचालित करने वाले नागेश कुमार धारा और उसकी पत्नी आरती ने प्रलोभन देकर विभिन्न निवेशकों से कुल ₹1.5 करोड़ की ठगी की।

शिकायतकर्ता टी.व्ही. जय प्रदीप ने सुपेला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 सितंबर 2022 को आरोपी दंपति ने ट्रेवल स्कीम और फ्रेंचाइज़ी के बहाने उन्हें ₹45 लाख की चपत लगाई। इसी तरह रामकिशोर सिंह से ₹10.40 लाख, इंद्रजीत कौर से ₹80 लाख, विवेक विश्वकर्मा से ₹10.40 लाख और इंद्रजीत गुलाटी से ₹2 लाख की ठगी की गई।

प्रकरण दर्ज होते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 675/2025 धारा 420, 120-बी भादवि के तहत मामला कायम किया। आरोपी पहले से ही अलग-अलग मामलों में बालोद जिला जेल में बंद थे। सुपेला पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर दोनों को गिरफ्तार किया और केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा। 

उल्लेखनीय है कि नागेश कुमार धारा और आरती के खिलाफ पूर्व में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं:

  • थाना बेंगलुरु सिटी में अपराध क्रमांक 14/2019 (धारा 420, 34 भादवि)
  • थाना राजहरा, बालोद में अपराध क्रमांक 158/2024 (धारा 420, 34 भादवि)

पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि इन दोनों ने और किन-किन जगहों पर इसी तरह लोगों को ठगा है।