रायपुर में ड्रग्स पार्टी का VIDEO वायरल: टेबल पर नशीले पदार्थों की 19 लाइन, नकदी और कार्ड देख गृहमंत्री सख्त
गृहमंत्री विजय शर्मा बोले— जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ड्रग्स, नकदी और मोबाइल के साथ युवक-युवती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया है। महज 17 सेकेंड के इस वीडियो में खुलेआम नशीले पदार्थों का प्रदर्शन किया गया है। मामला सामने आने के बाद प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने जांच के निर्देश देते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
रायपुर। राजधानी रायपुर के अमलीडीह इलाके से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक और युवती ड्रग्स, नकदी और मोबाइल के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक मोबाइल पर बातचीत करता दिखाई दे रहा है, जबकि युवती न केवल वीडियो रिकॉर्ड कर रही है बल्कि आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल कर रही है।
वीडियो में एक टेबल पर नशीले पदार्थों (संभावित MDMA या कोकीन) की करीब 19 लाइन स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। टेबल पर 500-500 रुपये के नोट, मोबाइल फोन और एक क्रेडिट कार्ड भी रखा नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो युवती ने खुद अपने मोबाइल कैमरे से रिकॉर्ड किया था।
वीडियो के वायरल होते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि नशे के खिलाफ सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है और वायरल वीडियो की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
6 महीने पहले भी हुआ था बड़ा खुलासा
रायपुर में इससे पहले भी ड्रग्स से जुड़े कई वीडियो सामने आ चुके हैं। करीब 6 महीने पहले पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 79 ड्रग पैडलर्स को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई में करोड़ों रुपये का नशीला सामान जब्त किया गया था और सभी आरोपियों को जेल भेजा गया था। हालांकि, नए साल के मद्देनजर ड्रग्स नेटवर्क के फिर सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।
गृहमंत्री का बयान
गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पिछले दो महीनों में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और तेज की गई है। एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन के जरिए ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर जांच जारी है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
suntimes 