शहर की सड़कों पर मनमानी पार्किंग और नो-एंट्री पर सख्ती
7 भारी वाहनों पर कार्रवाई, क्रेन से हटाए गए सड़क पर खड़े वाहन; CCTV और फील्ड टीमों से लगातार निगरानी
रायपुर। राजधानी में बढ़ते यातायात दबाव के बीच ट्रैफिक पुलिस ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नो-एंट्री के प्रतिबंधित समय में शहर में पहुंचे 7 भारी वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। इसके साथ ही सड़क और फुटपाथ को पार्किंग स्थल बनाने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाकर वाहनों को हटाया गया।
जाम की वजह बनने वालों पर कार्रवाई
तेलीबांधा और पचपेढ़ी नाका इलाके में ट्रैफिक पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान प्रतिबंधित समय में शहर में प्रवेश करने वाले 7 भारी मालवाहक वाहन पकड़ में आए। पुलिस ने सभी चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की और नियमों का पालन करने की समझाइश दी।
पुलिस के मुताबिक भारी वाहनों की अनधिकृत आवाजाही से व्यस्त सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है। ऐसे में जाम के साथ सड़क सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।
सड़क पर पार्किंग की तो क्रेन पहुंची
शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। बेतरतीब खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को टोइंग और क्रेन की मदद से हटाकर यातायात थाना परिसर भेजा गया। वाहन चालकों पर नियमानुसार जुर्माना भी लगाया गया।
रात 12 से सुबह 5 बजे तक भारी वाहनों को अनुमति
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि शहर के संबंधित हिस्सों में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश के लिए रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक का समय निर्धारित है। इस समय के अलावा प्रतिबंधित क्षेत्रों में भारी वाहनों की एंट्री नहीं हो सकती।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अब CCTV कैमरों और मैदानी टीमों की मदद से नो-एंट्री और नो-पार्किंग नियमों पर नजर रख रही है। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर जांच आगे भी जारी रहेगी। ट्रांसपोर्टरों, वाहन मालिकों और चालकों से निर्धारित समय का पालन करने के साथ आम लोगों से भी वाहनों को केवल तय पार्किंग स्थल पर खड़ा करने की अपील की गई है।
suntimes 