साइंस-कॉलेज में छात्र गुटों में मारपीट-कपड़े फाड़े.....रायपुर में ABVP पर जबरदस्ती सदस्यता दिलाने का आरोप....

साइंस-कॉलेज में छात्र गुटों में मारपीट-कपड़े फाड़े.....रायपुर में ABVP पर जबरदस्ती सदस्यता दिलाने का आरोप....

रायपुर के साइंस कॉलेज में ABVP और NSUI के कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट हुई। एक दूसरे के शर्ट भी फाड़ डाली। बताया जा रहा है कि मारपीट ABVP के सदस्यता अभियान के दौरान हुई। ABVP की शिकायत पर NSUI कार्यकर्ताओं पर FIR हुई है। मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का है।

मामले में ABVP की शिकायत पर NSUI कार्यकर्ताओं पर सरस्वती नगर थाना में FIR दर्ज कर लिया गया है।  - Dainik Bhaskar

इसके बाद बुधवार शाम NSUI के तमाम कार्यकर्ता थाने के बाहर एकत्र हो गए हैं और ढोलक बजाकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनकी ओर से गृहमंत्री के दबाव के चलते पुलिस FIR नहीं कर रही है। जबकि उनके दो कार्यकर्ता बुरी तरह से घायल हुए हैं।

दरअसल, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे ABVP के कार्यकर्ता साइंस कॉलेज पहुंचे थे। वे स्टूडेंट्स से बातचीत कर सदस्यता अभियान चला रहे थे। अभियान का NSUI कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। उनका आरोप था कि सदस्यता अभियान के बहाने में छात्र-छात्राओं से जबरन वसूली की जा रही है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई।

इस दौरान देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में बहसबाजी धक्का-मुक्की में बदल गई। दोनों पक्ष एक दूसरे को लात-घूंसे मारने लगे। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें करीब 12-13 लड़के एक दूसरे को घेरकर पीट रहे हैं। मारपीट में दो-तीन लड़कों की शर्ट भी बुरी तरह फट गई। वहीं कुछ लड़कों के हाथ-पैर में भी चोटें आई हैं।

मामले को लेकर ABVP रायपुर महानगर सहमंत्री सुजल गुप्ता ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से सदस्यता अभियान के लिए स्टूडेंट से बातचीत कर रहे थे। NSUI कार्यकर्ताओं ने बदसलूकी की। हमने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। उनके गुंडई का हमने भी कड़ा जवाब दिया है।