53 हजार में से 47 हजार प्लॉट का सर्वे पूरा, सारंगढ़-बिलाईगढ़ प्रदेश में अव्वल
डिजिटल क्रॉप सर्वे में 88.45% काम पूरा; सरसींवा 93.27% के साथ सबसे आगे, भटगांव भी 93% पार
रायपुर। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिले में अब तक 53,524 लक्षित प्लॉटों में से 47,350 का सर्वे पूरा कर लिया गया है। 88.45 प्रतिशत सर्वे पूरा करने के साथ जिले ने प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है। सर्वे के साथ अनुमोदन की प्रक्रिया में भी तेजी है और अब तक 35,476 मामलों को मंजूरी दी जा चुकी है।
डिजिटल क्रॉप सर्वे में जिले के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने तहसील स्तर पर निगरानी बढ़ाई है। इसका असर सभी छह तहसीलों की प्रगति में दिखाई दे रहा है। प्रदेश स्तर पर 87 प्रतिशत कार्यप्रगति के साथ सारंगढ़-बिलाईगढ़ पहले, खैरागढ़ 86 प्रतिशत के साथ दूसरे और कोरिया 81 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है।
दो तहसील 93 प्रतिशत के पार
सारसींवा तहसील ने सर्वे कार्य में सबसे तेज गति दिखाई है। यहां 8,187 में से 7,653 प्लॉटों का सर्वे पूरा हो चुका है। 93.27 प्रतिशत प्रगति के साथ यह जिले की सबसे आगे रहने वाली तहसील है। 5,348 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं।
भटगांव में भी 6,235 में से 5,847 प्लॉटों का सर्वे पूरा हो चुका है। यहां 93.15 प्रतिशत काम पूरा हुआ है और 3,748 सर्वे को मंजूरी मिल चुकी है।
सारंगढ़ तहसील में 14 हजार से ज्यादा सर्वे
सारंगढ़ तहसील में 16,134 लक्षित प्लॉटों में से 14,032 का सर्वे पूरा हो गया है। यहां 88.60 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। 12,061 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं और अनुमोदन की दर 84.36 प्रतिशत है।
सारिया में 5,491 में से 4,647 प्लॉटों का सर्वे हुआ है। यहां 86.64 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। बिलाईगढ़ में 7,876 में से 6,745 प्लॉटों का सर्वे पूरा कर 85.49 प्रतिशत और बरमकेला में 9,626 में से 8,136 प्लॉटों का सर्वे पूरा कर 84.49 प्रतिशत प्रगति हासिल की गई है।
लक्ष्य अब शत-प्रतिशत का
प्रदेश में पहला स्थान मिलने के बाद प्रशासन ने अब पूरा ध्यान शेष प्लॉटों के सर्वे पर केंद्रित किया है। कलेक्टर ने एसडीएम और तहसीलदारों को नियमित समीक्षा के साथ लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मैदानी कर्मचारियों के साथ समन्वय कर सर्वे को जल्द पूरा करने और जिले की नंबर-1 स्थिति बरकरार रखने का लक्ष्य तय किया गया है।
suntimes 