पति ने कहा-मोटी मरती क्यों नहीं? पत्नी ने लगाई फांसी:बोला- तुम बदसूरत हो, सरकारी नौकरी की वजह से साथ हूं; रायपुर में थी टीचर

रायपुर में पति के तानों और प्रताड़ना से परेशान एक पत्नी ने खुदकुशी कर ली। पति उसे हर रोज कहता था कि तुम बदसूरत हो, मोटी हो, मरती क्यों नहीं? तुम्हारी सरकारी नौकरी की वजह से ही मैं साथ हूं। अब पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, महिला तरुण दुबे की शादी 2013 में मध्यप्रदेश के जबलपुर निवासी मयूर कांत दुबे के साथ हुई थी। मयूर किसी फार्मेसी कंपनी में काम करता था। वहीं, तरुण शिक्षाकर्मी वर्ग एक में थी। दोनों रायपुर के विनायक विहार भाटागांव में रहते थे। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि, मयूरकांत दुबे आदतन शराबी है। वह पत्नी तरुण दुबे के कैरेक्टर पर भी शक करता था। अक्सर शराब पीने को लेकर पत्नी टोकती थी, जिस वजह से दोनों के बीच आए दिन विवाद होते रहता था।
तरुण लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना से परेशान चल रही थी। परेशान होकर पत्नी ने 27 मार्च 2024 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति मयूर ने कमरे के दरवाजे को धक्का देकर खोला तो उसकी बॉडी लटक रही थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया है। पुलिस को हॉस्पिटल से सूचना मिली थी कि तरुण दुबे को मृत अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुरानी बस्ती थाना पुलिस इस मामले में जांच में जुटी। करीब 6 महीने तक बारीकी से जांच की गई जिसमें कई गवाहों के बयान भी दर्ज किए। जांच में यह भी पता चला कि, तरुण दुबे ने आत्महत्या से पहले अपनी मां को फोन लगाया था। उसने अपने पति मयूर को लेकर शिकायत की। जिसमें कहा कि वह गलत हरकत करके आया है। फिर फोन काट दिया गया था।
जांच में आरोपी के खिलाफ पत्नी को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने के सबूत मिले। इसके बाद पुलिस ने 18 सितंबर को 35 साल के मयूर कांत दुबे को अरेस्ट कर कोर्ट के आदेश से जेल भेज दिया है।