पुलिस के लिखित आश्वासन के बाद कांग्रेस ने खत्म किया 18 घंटे का धरना
एक सप्ताह में भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज करने का भरोसा, गैर-जमानती धाराओं की भी होगी समीक्षा
रायपुर के खम्हारडीह थाने के सामने कांग्रेस का 18 घंटे तक चला अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को पुलिस के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर एफआईआर दर्ज करने तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगाई गई गैर-जमानती धाराओं की विवेचना करने पर सहमति बनी है।
रायपुर। भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद के बाद दर्ज आपराधिक मामलों को लेकर शुरू हुआ कांग्रेस का आंदोलन शुक्रवार को पुलिस के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। राजधानी के खम्हारडीह थाना के सामने करीब 18 घंटे तक चले अनिश्चितकालीन धरने को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने समाप्त करने की घोषणा की।
दीपक बैज ने बताया कि पुलिस प्रशासन ने लिखित रूप से आश्वासन दिया है कि एक सप्ताह के भीतर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसके अलावा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज गैर-जमानती धाराओं की निष्पक्ष विवेचना कर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
काउंटर FIR की मांग पर अड़ी थी कांग्रेस
भाजपा-कांग्रेस विवाद के बाद कांग्रेस के 12 नेताओं सहित कई कार्यकर्ताओं पर गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके विरोध में कांग्रेस ने खम्हारडीह थाने के सामने धरना शुरू किया था। पार्टी की मुख्य मांग भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ काउंटर एफआईआर दर्ज करने की थी।
रातभर डटे रहे नेता और कार्यकर्ता
धरने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पूरी रात थाने के बाहर डटे रहे। इस बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वार्ता के बाद निकला समाधान
शुक्रवार सुबह पुलिस अधिकारियों और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई बैठक में मध्य जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल, नॉर्थ जोन डीसीपी दीपमाला कश्यप, एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी पूर्णिमा लांबा शामिल रहे। कांग्रेस की ओर से दीपक बैज, जरिता लैतफलांग, मलकीत सिंह गेंदू, सुशील आनंद शुक्ला, सत्यनारायण शर्मा और कुलदीप जुनेजा ने पक्ष रखा। चर्चा के बाद लिखित आश्वासन मिलने पर धरना समाप्त कर दिया गया।
बैज और बघेल ने साधा सरकार पर निशाना
धरने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं पर की गई कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित है और पार्टी इसका लोकतांत्रिक व कानूनी तरीके से जवाब देगी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया के जरिए पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया है और भाजपा सरकार स्थायी नहीं है।
suntimes 