भिलाई भाजपा में संगठनात्मक बवाल: युवा मोर्चा की सूची पर मचा घमासान, एक पद पर दो-दो दावेदार
24 घंटे में ही अधिकृत सूची खारिज, 10 मंडल अध्यक्षों ने जारी की समानांतर सूची; कई इलाकों में बढ़ा टकराव
*भिलाई में भाजपा संगठन के भीतर गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। युवा मोर्चा की नई कार्यकारिणी सूची को लेकर विवाद इतना बढ़ गया है कि कई मंडलों में एक ही पद पर दो-दो पदाधिकारी घोषित कर दिए गए हैं, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच असमंजस की स्थिति बन गई है।*
दुर्ग-भिलाई। भारतीय जनता पार्टी के संगठन में अंदरूनी खींचतान अब सार्वजनिक रूप लेती दिख रही है। युवा मोर्चा की कार्यकारिणी घोषणा के बाद पार्टी दो गुटों में बंटती नजर आ रही है। हालात यह हैं कि कई मंडलों में एक ही पद के लिए दो-दो अध्यक्ष और महामंत्री सामने आ गए हैं।
दरअसल, 19 अप्रैल की रात युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने 13 मंडलों के अध्यक्ष और महामंत्री की आधिकारिक सूची जारी की थी। लेकिन यह सूची 24 घंटे भी नहीं टिक सकी। 20 अप्रैल को 13 में से 10 मंडल अध्यक्षों ने इस सूची को नकारते हुए अपनी अलग समानांतर सूची जारी कर दी।
इसके बाद भिलाई भाजपा कार्यालय में दोनों गुटों के बीच शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने से यह स्पष्ट हो गया कि मामला केवल संगठनात्मक नियुक्ति तक सीमित नहीं, बल्कि वर्चस्व की लड़ाई बन चुका है।
स्थिति अब जटिल हो गई है। भिलाई-चरौदा, कोहका, वैशाली नगर, सुपेला, कैं्प, पूरब, पश्चिम, जामुल, खुर्सीपार और कुम्हारी जैसे क्षेत्रों में एक ही पद पर दो-दो दावेदार सामने आ चुके हैं। वहीं मुरमुंदा, जेवरा सिरसा और अहिवारा में फिलहाल दूसरी सूची सामने नहीं आई है।
इस विवाद के चलते कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। जिला नेतृत्व और प्रभारी भी अलग-अलग मत रखते नजर आ रहे हैं, जिससे मामला और उलझता जा रहा है।
इधर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सौरभ जायसवाल का कहना है कि उनके द्वारा जारी सूची ही आधिकारिक है, जिसे जिला नेतृत्व के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने की अपील की है।
suntimes 