मंदिर के पास 2.5 किलो गांजा लेकर खड़ा था तस्कर, पुलिस की घेराबंदी में धराया
ग्राहक तलाशते हुए पकड़ा गया आरोपी, 1.25 लाख का गांजा, नकदी और मोबाइल जब्त; एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
दुर्ग-भिलाई। जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में जामगांव आर थाना पुलिस ने ग्राम बटरेल स्थित राजा तालाब शिव मंदिर के पास दबिश देकर एक व्यक्ति को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को 14 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मंदिर के पास गांजा बेचने के इरादे से घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रणनीतिक तरीके से घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम ताराचंद देवांगन (50 वर्ष), निवासी तरिया पारा, ग्राम बटरेल बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से लाल रंग की प्लास्टिक बोरी बरामद हुई। बोरी की जांच करने पर उसमें गांजा मिला। मौके पर ही तौल कराने पर गांजे का वजन 2.500 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है।
इसके अलावा आरोपी के कब्जे से 1300 रुपए नकद और एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा देवानंद सोनवानी नामक व्यक्ति से खरीदकर लाया था और इसे बेचने की फिराक में था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (B) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, सप्लायर के संबंध में भी जांच तेज कर दी गई है।
suntimes 