मंदिर में दर्शन की कतार में मौत बनकर घुसा ट्रक, 15 श्रद्धालुओं की जान गई
ग्वालियर के चीनौर रोड पर देर रात हादसा, 41 लोग चपेट में आए; दीवार तोड़कर मंदिर के गेट से टकराया धान से भरा ट्रक, आठ पुलिसकर्मी निलंबित
ग्वालियर। शीतला माता मंदिर में दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं को शनिवार देर रात एक बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में हुए इस भीषण हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हो गए। मृतकों और घायलों में वे लोग शामिल हैं, जो मंदिर में प्रवेश के लिए सड़क किनारे कतार लगाकर खड़े थे। हादसे में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुई। चीनौर की तरफ से आ रहा धान से लदा ट्रक तीखे ढलान पर अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया। चालक गूगल मैप के सहारे रास्ता तय कर रहा था। बताया जा रहा है कि ढलान पर ट्रक के ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद वाहन पुलिस चेकपोस्ट को तोड़ते हुए श्रद्धालुओं के बीच जा घुसा। ट्रक लोगों को कुचलता हुआ मंदिर की बाहरी दीवार और प्रवेश द्वार से टकरा गया।
टक्कर के कारण मंदिर की दीवार का हिस्सा ढह गया। कुछ श्रद्धालु मलबे में दब गए, जबकि कई लोग ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी के बीच बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को जयारोग्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायल ने बताया, ट्रक घसीटता हुआ ले गया
हादसे में घायल अभिषेक ने बताया कि वह हाथ-पैर धो रहा था, तभी अचानक सामने से ट्रक आया और उसे घसीटते हुए ले गया। उसके अनुसार, वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उसे खोजकर बाहर निकाला, जिससे वह बच सका। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और अन्य लोगों ने पुलिस की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस महकमे में कार्रवाई
श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कथित चूक को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने और आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। निलंबित लोगों में तीन थाना प्रभारी भी शामिल हैं।
कार्रवाई की जद में झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया व पवन सेंगर आए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े दायित्वों में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक और मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में दुर्घटना की परिस्थितियों, वाहन में तकनीकी खराबी और मौके पर किए गए सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल की जा रही है।
suntimes 