मैत्री विद्या निकेतन में छात्र नेतृत्व का सम्मान, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ

सत्र 2026-27 के छात्र पदाधिकारियों का हुआ अलंकरण, मुख्य अतिथि श्रीमती राजम सुधाकरन ने बैज व सैश पहनाकर दिलाया दायित्व निभाने का संकल्प

मैत्री विद्या निकेतन में छात्र नेतृत्व का सम्मान, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ

रिसाली। मैत्री विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रिसाली में सत्र 2026-27 के छात्र पदाधिकारियों के लिए गरिमामय अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि संस्था की अध्यक्षा श्रीमती राजम सुधाकरन ने नवचयनित छात्र नेताओं को बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया। विद्यालय प्रशासन ने सभी पदाधिकारियों को नेतृत्व, अनुशासन, उत्तरदायित्व और सेवा-भाव के साथ विद्यालय की गरिमा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

रिसाली। मैत्री विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रिसाली में सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद के अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संस्था की अध्यक्षा श्रीमती राजम सुधाकरन रहीं। समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 'नन्हा वनस्पति' भेंट कर किया गया।

साक्षात्कार प्रक्रिया के माध्यम से चयनित छात्र पदाधिकारियों में स्कूल कैप्टन, हाउस कैप्टन एवं डिसिप्लिन कैप्टन को औपचारिक रूप से अलंकृत किया गया। मुख्य अतिथि ने हेड बॉय अनिर्बान मुखर्जी (कक्षा 12वीं), हेड गर्ल माही चंद्रा (कक्षा 12वीं), वाइस हेड बॉय गौरव वारिवेय (कक्षा 12वीं) तथा वाइस हेड गर्ल रानी पटेल (कक्षा 11वीं) को बैज एवं सैश पहनाकर उनके नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी।

विद्यालय की प्रबंधक एवं प्राचार्या डॉ. सजीता थंबी ने छात्र पदाधिकारियों को पद की गरिमा बनाए रखने, विद्यालय के प्रति समर्पित रहकर अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा आदर्श नेतृत्व प्रस्तुत करने की शपथ दिलाई। वहीं उपप्राचार्या डॉ. बीना सजीव ने हाउस कैप्टनों को टीम भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और नेतृत्व क्षमता के साथ हाउस की गतिविधियों का संचालन करने का संकल्प दिलाया। प्रधान अध्यापिका श्रीमती निशी साजन ने डिसिप्लिन कैप्टनों को विद्यालय में अनुशासन, मर्यादा और सकारात्मक वातावरण बनाए रखने की शपथ दिलाई।

स्वागत उद्बोधन में डॉ. सजीता थंबी ने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच, अनुशासन, विद्यालय की संस्कृति एवं नियमों के पालन तथा प्रत्येक गतिविधि में सक्रिय भागीदारी के माध्यम से अपने व्यक्तित्व और चरित्र का विकास करने का आह्वान किया।

संस्था के प्रबंधक श्री एस. सजीव ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र नेताओं को शैक्षणिक उत्कृष्टता, समयपालन, अनुशासन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में आदर्श स्थापित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और टीमवर्क ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।

प्रबंधक श्री एस. साजन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी अपने दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी और कठिन परिश्रम के साथ करें। उन्होंने कहा कि आज के छात्र ही कल के जागरूक नागरिक और देश के भविष्य के नेतृत्वकर्ता हैं।

कार्यक्रम के अंत में हेड बॉय अनिर्बान मुखर्जी और हेड गर्ल माही चंद्रा ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, समर्पण और निष्पक्षता के साथ निर्वहन करेंगे।

इस अवसर पर संस्था की अध्यक्षा श्रीमती राजम सुधाकरन, प्रबंधक श्री एस. सजीव एवं श्री एस. साजन, विद्यालय की प्रबंधक एवं प्राचार्या डॉ. सजीता थंबी, उपप्राचार्या डॉ. बीना सजीव, प्रधान अध्यापिका श्रीमती निशी साजन तथा विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती एम. कविता एवं श्रीमती बिंदु रामदास ने किया।