रायपुर दक्षिण उपचुनाव...प्रचार के लिए बचे हैं 2 दिन, भूपेश-सिंहदेव आज से संभालेंगे कमान, 11 नवंबर को सीएम कर सकते हैं रोड शो

रायपुर। रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के चुनाव-प्रचार के लिए अब केवल दो दिन बचे हैं। कांग्रेस की तरफ से आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव चुनावी प्रचार का कमान संभालेंगे, तो वहीं 11 नवंबर को सीएम विष्णुदेव साय रोड शो कर सकते हैं। दोनों ही पार्टियों ने अंतिम दो दिनों के लिए अपनी ताकत झोंक दी है। रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट पर 13 नवंबर को वोटिंग होनी है। मतगणना 23 नवंबर को होगी। रायपुर दक्षिण उपचुनाव में आज भूपेश बघेल बैक टू बैक 4 सभा को संबोधित करेंगे।
दक्षिण के इस चुनावी रण में बघेल आज पहली बार प्रचार करने निकल रहे हैं। बाजार चौक चंगोराभाठा में बघेल की पहली सभा आयोजित की जाएगी। उनके साथ आमसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव आज दक्षिण में डोर टू डोर प्रचार करेंगे। सिंहदेव 4 अलग-अलग वार्डों में जाएंगे और वहां कांग्रेस के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। पिछले दो दिनों से नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत भी डोर टू डोर प्रचार कर रहे हैं।
विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन 11 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रोड शो कर सकते हैं। भाजपा ने उनके रोड शो की योजना बनाई है। हालांकि भाजपा नेताओं का यह भी कहना है कि, रोड शो में कौन-कौन रहेगा, अभी तय नहीं है। किसी तरह की कोई बड़ी चुनावी सभा की भी फिलहाल योजना नहीं है। भाजपा ने डोर टू डोर प्रचार पर ज्यादा जोर दिया है।
पूर्व राज्यपाल रमेश बैस भी ब्राम्हणपारा में अपने लोगों के बीच जाकर पार्टी प्रत्याशी के लिए वोट मांग सकते हैं। बैस मूल रूप से ब्राह्मणपारा के ही रहने वाले हैं। भाजपा ने लगभग सभी बूथों में पर्चियों का वितरण कर दिया है। चारों मंडलों में प्रचार सामग्री भेजकर घर-घर दस्तक देने का काम जारी है।