राष्ट्रपति मुर्मू का आज से छत्तीसगढ़ दौरा:सुबह 11 बजे पहुंचेंगी रायपुर, पहली बार बेटी इतिश्री भी....

राष्ट्रपति मुर्मू का आज से छत्तीसगढ़ दौरा:सुबह 11 बजे पहुंचेंगी रायपुर, पहली बार बेटी इतिश्री भी....

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार से अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी। उनके साथ बेटी इतिश्री भी आ रहीं हैं। यह पहला मौका है, जब राष्ट्रपति अपनी बेटी के साथ किसी यूनिवर्सिटी और धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। पेशे से बैंकर इतिश्री ने अपने पिता श्यामचरण मुर्मू और दो भाइयों को खोने के बाद बेहद कठिन समय में मां द्रौपदी मुर्मू का सहारा बनीं थीं।

राष्ट्रपति भवन से सुबह वे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सुबह 9.25 बजे वायुसेना के विशेष विमान से रायपुर के लिए रवाना होंगी। फिर रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में 11.05 बजे उनका आगमन होगा, जहां राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मेयर एजाज ढेबर उनकी अगुवाई करेंगे। साथ ही मुख्य सचिव अमिताभ जैन, डीजीपी अशोक जुनेजा, रायपुर कलेक्टर सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे, एसएसपी प्रशांत अग्रवाल उनका स्वागत करेंगे।

एयरपोर्ट से राष्ट्रपति मुर्मू सीधे शांति सरोवर आश्रम पहुंचेंगी, जहां ‘ईयर ऑफ पॉजिटिव चेंज’ थीम की लॉन्चिंग करेंगी। फिर दोपहर में राजभवन में ब्रह्माकुमारी प्रजापिता की ओर से आयोजित भोज में शामिल होंगी। रायपुर में वे महंत घासीदास संग्रहालय भी जाएंगी और राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। दूसरे दिन यानी की एक सितंबर की सुबह बिलासपुर में गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

पहली बार साथ आ रहीं बेटी इतिश्री-उनकी बेटी इतिश्री भी साथ रहेंगी। बता दें कि इतिश्री पहली बार अपनी मां के साथ शैक्षणिक और धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने आ रही हैं। यह पहला मौका होगा जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ उनकी बेटी भी धार्मिक स्थल व विश्वविद्यालय के दीक्षांत कार्यक्रम में शामिल होंगी। इतिश्री के पति गणेश चंद्र हेम्ब्रम रग्बी खिलाड़ी हैं। इतिश्री ने अपनी पढ़ाई सूर्यदत्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन पुणे से पूरी की है।