सरकारी अस्पतालों में तैनात होंगे रिटायर्ड आर्मी जवान....हथियारों से रहेंगे लैस, कोलकाता केस के बाद फैसला....

सरकारी अस्पतालों में तैनात होंगे रिटायर्ड आर्मी जवान....हथियारों से रहेंगे लैस, कोलकाता केस के बाद फैसला....

छत्तीसगढ़ के सरकारी अस्पतालों में रिटायर्ड आर्मी जवानों को तैनात किया जाएगा। अस्पतालों की सुरक्षा के लिए ये जवान हथियारों से भी लैस होंगे। हर अस्पताल में एक जवान की तैनाती होगी। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दी है। कोलकाता में जूनियर डॉक्टर से रेप-हत्या के बाद यह फैसला लिया गया है। गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अचानक मेकाहारा का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने सुरक्षा इंतजाम के साथ लोगों से इलाज की व्यवस्था को लेकर बातचीत की। 

मंत्री जायसवाल ने मेकाहारा में सबसे पहले पुलिस चौकी में जवानों की मौजूदगी देखी। इस दौरान पुलिस चौकी का एक जवान बगल के कमरे में आराम करते दिखा, इस पर मंत्री ने उसे चेतावनी भी दी। वहीं स्वास्थ्य मंत्री ने मेकाहारा के इमरजेंसी वार्ड में मौजूद डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ से बातचीत की।

स्टाफ से ड्यूटी टाइमिंग और मौजूद डॉक्टरों की संख्या के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा इमरजेंसी वार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरे से अस्पताल में हो रही निगरानी की जांच की। उन्होंने कुछ सुधार को लेकर अफसरों को निर्देश भी दिए हैं।