हिन्दू एकता का संदेश: भिलाई में विशाल हिन्दू सम्मेलन, सनातन धर्म के संरक्षण का संकल्प

सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ धर्म पताका फहराने का आह्वान, संतों और संघ पदाधिकारियों ने किया मार्गदर्शन

भिलाई। हिन्दू समाज को संगठित करने और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संकल्प दोहराने के उद्देश्य से भिलाई के सेक्टर-1 स्थित गार्डन में विशाल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए।

सम्मेलन के दौरान अंतर्राष्ट्रीय भजन गायक प्रभंजय चतुर्वेदी ने अपने मधुर भजनों के माध्यम से सनातन धर्म की गूढ़ व्याख्या प्रस्तुत की। उनके भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके पश्चात उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और धर्म पताका फहराकर हिन्दू एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर आरएसएस छत्तीसगढ़ सह प्रांत प्रचारक नारायण नामदेव, राष्ट्र सेवा समिति की जिला संयोजक रश्मि राजपूत तथा स्वामी प्रज्ञानंद महाराज ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में हिन्दू समाज जाति, वर्ण और वर्ग में विभाजित दिखाई देता है, जबकि सच्चाई यह है कि सभी हिन्दू सनातन धर्म की परंपरा से जुड़े हुए हैं। हजारों वर्षों से चली आ रही यही सनातन संस्कृति हमारी पहचान और शक्ति है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयोजक शीतल सिंह डिप्पी ने बताया कि यह सम्मेलन सर्व समाज के तत्वावधान में आयोजित किया गया है, जिसमें हिन्दू धर्म को मानने वाले सभी समाजों के लोगों को आमंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य समाज में आपसी समरसता, सांस्कृतिक जागरूकता और धार्मिक एकता को बढ़ावा देना है।