कांग्रेस का आंतरिक मामला, लेकिन बयान गंभीर हैं: किरणदेव सिंह

विकास तिवारी के निष्कासन पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का तंज, 3% डीए बढ़ोतरी का किया स्वागत

भिलाई। भिलाई पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह ने कांग्रेस नेता विकास तिवारी के पार्टी से निष्कासन को लेकर कांग्रेस पर अप्रत्यक्ष निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है और इस पर टिप्पणी करने से ऐसा प्रतीत हो सकता है कि भाजपा राजनीतिक लाभ उठाना चाहती है। लेकिन जब कांग्रेस के ही नेता अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हैं, तो विषय स्वतः ही गंभीर हो जाता है।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता विकास तिवारी ने झीरम घाटी हत्याकांड को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मंत्री कवासी लखमा के नारकोटेस्ट की मांग की थी। इस बयान के बाद कांग्रेस पार्टी ने तिवारी को अनुशासनहीनता का दोषी मानते हुए छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया।

इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरणदेव सिंह ने मुख्यमंत्री द्वारा सरकारी कर्मचारियों के लिए 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाने की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक संवेदनशील प्रशासक हैं और इस विषय में उनकी पहले ही उनसे चर्चा हो चुकी थी। डीए बढ़ोतरी की घोषणा से प्रदेश के कर्मचारियों में खुशी की लहर है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भिलाई में इलेक्टोहोम्योपैथी डॉक्टर्स एसोसिएशन के महासम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ और दुर्गम इलाकों में जहां एमबीबीएस डॉक्टरों की उपलब्धता नहीं होती, वहां इलेक्टोहोम्योपैथी चिकित्सक मरीजों के लिए जीवन रक्षक साबित हो रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान एक इलेक्टोहोम्योपैथी चिकित्सक द्वारा लिखित पुस्तक का विमोचन भी किया गया। सम्मेलन को वैशालीनगर विधायक रिकेश सेन ने भी संबोधित किया।