एक वाहन से गायब हुए 36 भरे सिलेंडर, पुलिस ने 8 आरोपियों को दबोचा

पूछताछ में सामने आया चोरी का पूरा खेल, 20 सिलेंडर बरामद; वारदात में इस्तेमाल वाहन भी जब्त

एक वाहन से गायब हुए 36 भरे सिलेंडर, पुलिस ने 8 आरोपियों को दबोचा

भिलाई। छावनी क्षेत्र में गैस सिलेंडरों से भरे वाहन को निशाना बनाकर की गई चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी प्रमोद देवांगन सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में चोरी किए गए सिलेंडरों की बिक्री से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने 20 सिलेंडर और घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद किया।

18 सितंबर को साक्षरता चौक कैंप-01 के पास रायपुर से दुर्ग जाने वाली सर्विस रोड पर खड़े महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन से 36 भरे हुए इंडेन गैस सिलेंडर चोरी हो गए थे। वाहन को देशी शराब भट्ठी के पास खड़ा किया गया था। कुछ समय बाद जब सिलेंडरों की जांच की गई तो वाहन से पूरा माल गायब मिला।

वाहन चालक घनश्याम कुर्रे ने 19 सितंबर को छावनी थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 647/2026 दर्ज करते हुए धारा 303(2) बीएनएस के तहत जांच शुरू की।

जांच टीम ने घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के साथ संदिग्धों से पूछताछ की। इसी दौरान पुलिस को प्रमोद देवांगन के बारे में जानकारी मिली। पूछताछ में उसके कथित तौर पर घटना में शामिल होने की जानकारी सामने आई।

पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए 36 सिलेंडरों में से 16 सिलेंडर जामुल के अहिवारा रोड स्थित जय अंबे शोरूम के पीछे रखे गए थे। शेष 20 सिलेंडरों को अलग-अलग लोगों को करीब 2 हजार रुपए प्रति सिलेंडर की कीमत पर बेचने की बात पूछताछ में सामने आई।

पुलिस ने मामले में प्रमोद देवांगन समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर 20 घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।