मां के सम्मान को लेकर सीएम साय का भावपूर्ण संदेश, बोले- मां ममता और संस्कारों का आधार

सोशल मीडिया पर कविता के साथ साझा किया वीडियो, इंदौर के कार्यक्रम को लेकर चल रहे विवाद के बीच सामने आया संदेश

मां के सम्मान को लेकर सीएम साय का भावपूर्ण संदेश, बोले- मां ममता और संस्कारों का आधार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मां के सम्मान और भारतीय संस्कृति में उनके स्थान को लेकर सोशल मीडिया पर भावपूर्ण संदेश साझा किया है। वीडियो के साथ उन्होंने कविता की पंक्तियों के जरिए मां की ममता, करुणा और त्याग को रेखांकित किया। यह संदेश ऐसे समय सामने आया है, जब इंदौर के एक कार्यक्रम में हुई कॉमेडी प्रस्तुति को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया पर मां को समर्पित एक वीडियो साझा करते हुए उनके सम्मान को भारतीय संस्कृति और संस्कारों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने पोस्ट में कविता की पंक्तियों के माध्यम से मां की महिमा और संतान के जीवन में उनके योगदान को अभिव्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने लिखा—

“माँ है ममता, माँ है करुणा, माँ जीवन का आधार है,

माँ के चरणों में समर्पित पूरा ये संसार है।

माँ का करे अपमान वो कुपुत्र ही कहलायेगा,

माँ का करे तिरस्कार वो कहीं ठौर न पायेगा।”

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में किसी राजनीतिक व्यक्ति का नाम नहीं लिया। उन्होंने मां के प्रति सम्मान, संवेदना और सामाजिक मर्यादा बनाए रखने की बात कही।

उनका यह संदेश इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच सामने आया है। कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बोलने की शैली और हाव-भाव की मिमिक्री की थी।

प्रस्तुति के एक हिस्से में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मौजूद बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी उपलब्ध कराने से जुड़े प्रसंग को भी शामिल किया गया था। इस प्रस्तुति को लेकर भाजपा के कई नेताओं ने आपत्ति जताई और आरोप लगाया कि इससे मां तथा मातृशक्ति के सम्मान को ठेस पहुंची।

इसी पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री साय ने मां के सम्मान और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों पर केंद्रित वीडियो साझा किया। उन्होंने अपने संदेश में सीधे तौर पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय मां के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता को प्रमुखता दी।

मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय कवि ओम व्यास की मां पर केंद्रित काव्य रचना का वीडियो भी साझा किया। रचना में मां के त्याग, वात्सल्य और संतान के जीवन में उनके महत्व को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है।

मुख्यमंत्री के संदेश में मां को केवल पारिवारिक रिश्ते के रूप में नहीं, बल्कि ममता, करुणा, त्याग और संस्कारों के प्रतीक के तौर पर प्रस्तुत किया गया है। संदेश का मूल भाव मां के प्रति सम्मान और सामाजिक मर्यादा बनाए रखने पर केंद्रित रहा।