सुबह की सैर पर निकलने वाली महिलाओं पर नजर, इंजीनियरिंग छात्र-छात्रा निकले चेन झपटमार

सुपेला इलाके में लगातार चेन झपटमारी से पुलिस के सामने चुनौती, CCTV से मिला सुराग; पूछताछ में दो वारदातों का खुलासा।

सुबह की सैर पर निकलने वाली महिलाओं पर नजर, इंजीनियरिंग छात्र-छात्रा निकले चेन झपटमार

भिलाई। सुबह की सैर पर निकलने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर चेन झपटने वाले दो आरोपियों को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि आरोपी कोई पेशेवर अपराधी नहीं, बल्कि इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे युवक-युवती हैं। पुलिस के अनुसार दोनों पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और चेहरे पर कपड़ा बांधकर स्कूटी से वारदात करने पहुंचते थे।

सुपेला क्षेत्र में चेन झपटमारी की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को CCTV फुटेज से अहम सुराग मिला। फुटेज में स्कूटी सवार युवक-युवती संदिग्ध गतिविधियों में नजर आए। पुलिस ने तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी विवेकी नायक (23) मूल रूप से बालाघाट, मध्यप्रदेश का रहने वाला है, जबकि तरुणा सिन्हा (20) राजनांदगांव की निवासी है। दोनों दुर्ग के तितुरडीह इलाके में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे।

जांच में सामने आया कि दोनों सुबह के समय स्कूटी लेकर ऐसे इलाकों में पहुंचते थे, जहां महिलाएं पैदल टहलती थीं। किसी महिला को अकेले देखकर वे उसके आसपास घूमते और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देते थे। पीछे बैठा युवक महिला के गले से चेन खींचता था, जिसके बाद दोनों स्कूटी से तेज रफ्तार में भाग निकलते थे।

31 जुलाई की वारदात में करीब 6:32 बजे गीता देवी (62) घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान दोनों आरोपी स्कूटी से पहुंचे और युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटाई।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने 31 जुलाई और 20 सितंबर की दो चेन झपटमारी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चेन का बचा हुआ हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।