दुर्ग में बंद मकान में चोरी: दशगात्र में गया परिवार, दीवार फांदकर घुसा चोर; कुछ घंटों में गिरफ्तार

ऑटो में लेकर भागा था चोरी का सामान, रात में गश्त के दौरान पकड़ा गया आरोपी; 3 लाख रुपए का माल जब्त

दुर्ग में बंद मकान में चोरी: दशगात्र में गया परिवार, दीवार फांदकर घुसा चोर; कुछ घंटों में गिरफ्तार

दुर्ग में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए परिवार के सूने घर में चोर ने धावा बोल दिया। दीवार फांदकर घर में घुसे आरोपी ने ताला तोड़कर नगदी और मोबाइल चुरा लिए और ऑटो से फरार हो गया। सतर्क पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को चोरी के माल और वाहन सहित धर दबोचा।

दुर्ग। जिले के अंजोरा चौकी क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी की वारदात में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दीपक वर्मा उर्फ जीतू (27), निवासी रायपुर, वर्तमान में दुर्ग के शांति नगर में किराए से रह रहा था। उसके पास से चोरी का मोबाइल, नगदी और ऑटो सहित करीब 3 लाख रुपए का सामान बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम महमरा निवासी विक्की सेन 23 अक्टूबर को परिवार के साथ पाटन में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गया था। जब वह 29 अक्टूबर की रात घर लौटा तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और पेटी से 1,000 रुपए नकद और एक मोबाइल चोरी हो चुका है।

मामले की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और रात में गश्त के दौरान पप्पू होटल के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक वर्मा बताया और चोरी की वारदात स्वीकार ली।

आरोपी ने बताया कि वह दीवार फांदकर घर में घुसा, ताला तोड़कर चोरी की और मोहल्ले में हलचल होते ही ऑटो (CG 04 QY 2166) से भाग निकला। पकड़े जाने के डर से उसने ऑटो और चोरी का सामान शिवनाथ नदी पुल के नीचे छिपा दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सामान और वाहन बरामद कर लिया।

तफ्तीश में सामने आया कि आरोपी आदतन चोर है और इससे पहले थाना पुलगांव में चोरी के दो मामलों में पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।