भिलाई मॉल में ट्रांसपोर्टर की गुंडागर्दी: महिला से छेड़छाड़ के बाद बेटे-पति और पुलिस पर हमला, तीन जवान घायल
सीट विवाद से शुरू हुआ मामला हिंसा में बदला — पुलिस चौकी में भी आरोपियों की दबंगई, पांच गिरफ्तार कर जेल भेजे गए
सिनेमा हॉल में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद गुरुवार रात हिंसक झड़प में बदल गया। ट्रांसपोर्टर ने महिला से छेड़खानी की और विरोध करने पर उसके पति व बेटे को पीट डाला। हद तो तब हुई जब आरोपी और उसके साथी पुलिस चौकी में घुसकर जवानों से भिड़ गए। इसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में गुरुवार देर रात मॉल के सिनेमा हॉल में सीट विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दुर्ग निवासी एक महिला अपने पति और बेटे के साथ फिल्म देखने पहुंची थी। इसी दौरान कोहका निवासी ट्रांसपोर्टर सुजीत साव अपने रिश्तेदारों के साथ वहां आया। सीट को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला बिगड़ गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान सुजीत साव ने महिला से छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के पति और बेटे को बेरहमी से पीट दिया। सूचना पर स्मृति नगर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपियों की दबंगई वहीं भी जारी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। पुलिस के बीच-बचाव करने पर प्रधान आरक्षक पंकज चौबे को धक्का देकर गिरा दिया गया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभालते हुए आरोपियों को पकड़कर चौकी पहुंचाया, मगर वहां भी उनका रवैया नहीं बदला। चौकी के भीतर आरोपियों ने आरक्षक कौशलेंद्र और मुंशी आत्माराम पर हमला कर दिया। इस दौरान आरक्षक का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि मुंशी की एक उंगली टूट गई।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुजीत साव (49), सुजीत कुमार (32), सागर साव (29), जिगर साव (28) और शिवपूजन कुमार (20) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट, धमकी और शासकीय कार्य में बाधा सहित कई धाराओं में केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
घटना मॉल और चौकी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि रात 11 बजे से लेकर करीब 1 बजे तक हंगामा चलता रहा। देर रात पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर इलाके में कानून-व्यवस्था का प्रदर्शन किया।
suntimes 