खड़गे की टिप्पणी पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भाषा की मर्यादा पर उठाए सवाल, दीपक बैज ने भाजपा पर लगाया मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप

खड़गे की टिप्पणी पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान

रायपुर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी पर सियासी विवाद गहरा गया है। छत्तीसगढ़ में भाजपा नेताओं ने बयान की आलोचना करते हुए इसे प्रधानमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ बताया है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर बयान को मुद्दा बनाकर राजनीतिक प्रोपेगेंडा करने का आरोप लगाया है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि देश की इतनी बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इस तरह की भाषा का इस्तेमाल शोभा नहीं देता। प्रधानमंत्री के लिए इस प्रकार के शब्द कांग्रेस की सोच को दर्शाते हैं। भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने भी टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ शब्दों की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। प्रधानमंत्री पद की गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। भाजपा नेताओं ओपी चौधरी, तोखन साहू और संतोष पांडेय ने भी बयान पर विरोध जताया।

बैज बोले- असल मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा के आरोपों को राजनीतिक प्रोपेगेंडा करार दिया। उन्होंने कहा कि खड़गे ने अपने भाषण में देश की समस्याओं और केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए थे, लेकिन भाजपा उन मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा कर रही है।

पटना के कार्यक्रम में दिया था बयान

यह विवाद रविवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। खड़गे केंद्र सरकार की नीतियों पर बोल रहे थे, तभी एक कार्यकर्ता ने कहा कि मोदी सरकार तब तक नहीं हटेगी, जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा। इस पर खड़गे ने जवाब देते हुए कहा, 'मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा।' उन्होंने यह बात तीन बार दोहराई। इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने टिप्पणी करने वाले कार्यकर्ता की पिटाई कर दी।

पटना में खड़गे के खिलाफ शिकायत

इस बयान को लेकर पटना के कोतवाली थाने में खड़गे के खिलाफ शिकायत दी गई है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कृष्णा कुमार सिंह ने आवेदन देकर मामले की जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

अमित शाह ने भी साधा निशाना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खड़गे की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कांग्रेस पर प्रधानमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी प्रधानमंत्री को लेकर विवादित टिप्पणियां करती रही है और राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी मर्यादा की सीमाएं पार कर रही है।