गांजा तस्करों ने नाबालिग को बंधक बनाकर पीटा......दुर्ग में 16 साल के लड़के को बेल्ट, लात-घूंसों से मारा

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में गांजा तस्करों ने 16 साल के लड़के को बंधक बनाकर पीटा। लड़के के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और उसकी लात-घूंसों, बेल्ट से जमकर मारा। मारपीट करने वाले उसके ऊपर पुलिस से मुखबिरी करने का आरोप लगा रहे थे। पिटाई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, वीडियो CSEB कॉलोनी का बताया जा रहा है। यहां के कुछ लड़कों ने मकान में कब्जा कर रखा है और वहां पर गांजा सहित अन्य मादक पदार्थ रखकर बेचने का काम करते हैं। मामला भिलाई-3 थाना क्षेत्र का है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस कार्रवाई की बात कह रही है।
जो वीडियो वायरल हुआ है, उसमें दिख रहा है कि कमरे में 3-4 युवक हैं। 16 साल का लड़का जमीन पर बिछे बिस्तर पर बैठा हुआ है। उसके बगल में एक युवक लेटा हुआ है। वह लड़के को पहले थप्पड़ मारता है। फिर घूंसे से उसके गले पर वार करता है। इस दौरान गांजे की बात क्राइम ब्रांच को बताने का आरोप लगाता है।
इसी बीच सफेद रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक और आता है और वह लड़के को थप्पड़ ही थप्पड़ मारता है। वहीं दूसरा युवक लात से लड़के पर वार करता है। थप्पड़ मारने वाले आरोपी की पहचान आयुष तिवारी के रूप में की जा रही है। वीडियो में कुछ लोग आयुष का नाम भी ले रहे हैं। इसके बाद लड़के को बांध दिया जाता है और पीठ पर बेल्ट से पीटते हैं। इस दौरान लड़का रोते हुए मुखबिरी की बात से इनकार करता रहता है।
आयुष अपने दोस्तों के साथ CSEB कालोनी में कब्जा करके रहता है। आरोप है कि वहां से गांजा बेचने का काम करता है। बताया जा रहा है कि इन लोगों ने कॉलोनी के कई खंडहर हो चुके क्वार्टर में कब्जा कर रखा है और वहां गांजा रखते हैं। आरोप है कि पुलिस अगर गांजा पकड़ती भी है तो उसे लावारिस बता देती है। इससे आरोपी बच निकलते हैं।
भिलाई- 3 थाना प्रभारी पीडी चंद्रा ने बताया कि, आयुष तिवारी के साथ कैंप के कुछ लड़के घूमते रहते हैं। आयुष को पहले भी बाइक चोरी के आरोप में जेल भेजा गया था। उनका कहना है कि वीडियो के आधार पर उसकी गिरफ्तारी करके कार्रवाई करेंगे।
दूसरी ओर CSEB कॉलोनी निवासी तस्करों और गुंडों से परेशान हैं। बताया जा रहा है कि कॉलोनी में आपराधिक किस्म के लोगों का जमावड़ा रहता है। लोगों का कहना है कि उन्होंने पुलिस में शिकायत भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं करती है। अब खुलकर बात करने में डर लगता है कि बदमाश उनको नुकसान पहुंचा सकते हैं।