जूनियर एशिया कप में दिखेगा छत्तीसगढ़ का दम, मधु और गीता भारतीय टीम में चयनित
30 अगस्त से चीन में होने वाले जूनियर एशिया कप में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व, बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ले रही हैं प्रशिक्षण।
छत्तीसगढ़ की महिला हॉकी को एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (KISCE), बिलासपुर की खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन जूनियर एशिया कप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से चीन में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिला हॉकी खिलाड़ियों ने एक बार फिर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (KISCE), बिलासपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं मधु सिदार और गीता यादव का चयन जूनियर एशिया कप-2026 के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित होगी, जहां दोनों खिलाड़ी भारत की ओर से चुनौती पेश करेंगी।
इस उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। खेल विभाग के अधिकारियों ने इसे प्रदेश के खेल विकास और प्रतिभा संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड स्थित पोंगरो गांव की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से आती हैं। उन्होंने सब-जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता, स्कूल नेशनल, इंटर-जोन चैंपियनशिप सहित कई राष्ट्रीय स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया है। रायपुर में आयोजित पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। वर्तमान में वह अप्रैल 2026 से बेंगलुरु में भारतीय जूनियर हॉकी टीम के प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा हैं।
वहीं, कबीरधाम जिले के बोडला की रहने वाली गीता यादव पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय दौरों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। नीदरलैंड, बेल्जियम, अर्जेंटीना, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के दौरे में शानदार प्रदर्शन के बाद अब उन्हें जूनियर एशिया कप के लिए भी भारतीय टीम में जगह मिली है। उन्होंने हॉकी की शुरुआती बारीकियां कोच शिवा चौहान के मार्गदर्शन में सीखी थीं।
खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। फिलहाल दोनों खिलाड़ी बिलासपुर स्थित प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और हेड कोच अजीत लकड़ा के निर्देशन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। विभाग को उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
suntimes 