राजधानी में बड़ी वारदात टली, ज्वेलरी शोरूम लूटने की तैयारी कर रहे तीन आरोपी गिरफ्तार
रेलवे स्टेशन के पीछे बना रहे थे डकैती की योजना, पिस्टल, कारतूस और चाकू बरामद; अप्रैल में ही कर चुके थे शोरूम की रेकी, दो आरोपी अब भी फरार।
रायपुर पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से राजधानी में एक बड़ी डकैती की वारदात होने से पहले ही विफल कर दी। पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स को निशाना बनाने की योजना बना रहे तीन आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने शोरूम की पहले से रेकी करने और डकैती की पूरी तैयारी होने का खुलासा किया है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य अब भी फरार हैं।
रायपुर। राजधानी में प्रस्तावित एक बड़ी डकैती की वारदात को रायपुर पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बना रहे तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। मामले में गिरोह के दो अन्य सदस्य फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
डीसीपी (उत्तर) दीपमाला कश्यप ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे सक्रिय पुलिसिंग अभियान के दौरान बुधवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक गैस कटर की व्यवस्था करने के साथ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नई सड़क पर एक बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि उनका लक्ष्य पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती डालना था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के एक सदस्य ने 1 अप्रैल 2026 को शोरूम की रेकी कर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्गों सहित आसपास के इलाके की जानकारी जुटाई थी। रेकी के दौरान ली गई तस्वीरें मोबाइल के माध्यम से अपने साथियों को भेजी गई थीं, जबकि फरार आरोपी पूरी योजना की निगरानी कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवांश शर्मा और सुशांत कुमार पासवान निवासी दिल्ली तथा मयंक सिंह निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 19 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ हथियारों की उपलब्धता, गिरोह के नेटवर्क और संभावित अन्य वारदातों के संबंध में भी गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।
suntimes 