किराए के बैंक खातों पर पुलिस का शिकंजा, 13 खाताधारक गिरफ्तार

2 से 15 हजार रुपए के कमीशन के बदले साइबर अपराधियों को दिए थे बैंक खाते, पासबुक, एटीएम और सिम कार्ड; संयुक्त कार्रवाई में बैंकिंग दस्तावेज और मोबाइल जब्त।

किराए के बैंक खातों पर पुलिस का शिकंजा, 13 खाताधारक गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस ने साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 ऐसे बैंक खाताधारकों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते और उससे जुड़े दस्तावेज दूसरों को सौंप दिए थे। जांच में करीब 10 लाख रुपए के संदिग्ध साइबर ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

दुर्ग-भिलाई। साइबर ठगी से अर्जित रकम को विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से इधर-उधर ट्रांसफर करने वाले नेटवर्क पर दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 बैंक खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में करीब 10 लाख रुपए के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है। कार्रवाई सुपेला थाना, खुर्सीपार थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मामूली कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड साइबर अपराधियों अथवा उनके एजेंटों को उपलब्ध करा देते थे। बाद में इन्हीं खातों का उपयोग ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम को अलग-अलग खातों में स्थानांतरित करने के लिए किया जाता था, जिससे वास्तविक अपराधियों तक पहुंचना कठिन हो जाता था।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने दो हजार से 15 हजार रुपए तक के कमीशन के बदले अपने बैंक खाते और उससे जुड़े दस्तावेज सौंपे थे। तकनीकी जांच और बैंकिंग रिकॉर्ड के विश्लेषण के दौरान कई खातों में साइबर अपराध से जुड़ी राशि के लेनदेन की पुष्टि हुई।

जांच के आधार पर सुपेला थाना क्षेत्र स्थित बंधन बैंक के नौ खाताधारकों तथा खुर्सीपार थाना क्षेत्र के इंडियन बैंक के चार खाताधारकों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल फोन, सिम कार्ड सहित बैंकिंग से जुड़े अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में डी. श्रीनिवास राव, मनीष सिंह मट्टू, जितेंद्र साहू, यश यादव, मयंक पटेल, रोशन सारथी, तुषार कसरे, प्रवीण कुशवाहा, प्रवीण कुमार, अजय बंसोड़, संगीत साहू, उभय यादव तथा डीलेश मरकाम शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी में प्रयुक्त 'म्यूल बैंक खातों' के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में अपने बैंक खाते, एटीएम, पासबुक या सिम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध कराने वालों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।