आर्टकॉम का ‘हर आंगन एक पेड़’ अभियान शुरू, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नई पहल
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था आर्टकॉम ने अपने महत्वाकांक्षी अभियान ‘हर आंगन एक पेड़’ की शुरुआत की है। अभियान के आठवें वर्ष का शुभारंभ दुर्ग सांसद विजय बघेल के नेतृत्व में हैरिटेज इंटरनेशनल स्कूल से किया गया। संस्था का लक्ष्य पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और जल संरक्षण को लेकर समाज में जागरूकता फैलाना है।
भिलाई। कला, पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में काम कर रही छत्तीसगढ़ की संस्था आर्टकॉम ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी पहल को आगे बढ़ाते हुए ‘हर आंगन एक पेड़’ अभियान का आगाज किया है।
संस्था संचालक निशु पाण्डेय ने बताया कि अभियान के तहत केवल पौधे लगाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की कम से कम दो वर्षों तक देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करना भी प्राथमिकता है। संस्था की निशुल्क सेवाओं का लाभ उन्हीं समूहों को दिया जाएगा, जो पौधों की नियमित देखरेख, खाद-पानी और संरक्षण की जिम्मेदारी निभा सकें।
उन्होंने बताया कि आर्टकॉम का यह अभियान लगातार आठवें वर्ष जारी है। इसके माध्यम से लोगों को शुद्ध प्राणवायु, पर्यावरण संतुलन और भूमिगत जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
हर आंगन वाटर हार्वेस्टिंग पर भी जोर
आर्टकॉम इस वर्ष ‘हर आंगन वाटर हार्वेस्टिंग’ अभियान को भी जोड़कर जल संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। संस्था का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग अपने घरों में फलदार पौधे लगाएं और वर्षा जल संरक्षण की व्यवस्था अपनाएं।
निशु पाण्डेय ने बताया कि संस्था का प्रयास है कि जिन घरों में फलदार वृक्ष और वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था होगी, उन्हें संपत्ति कर में कुछ आर्थिक राहत दिलाने की दिशा में पहल की जा सके। इसके लिए समाज के सभी वर्गों के सहयोग की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की यह मुहिम तभी सफल होगी, जब लोग पौधरोपण के साथ उनकी जिम्मेदारी भी निभाएंगे।
suntimes 