चांदी ने फिर पकड़ी रफ्तार, एक दिन में ₹2,299 उछली: सोना ₹610 टूटा
चांदी ₹2.44 लाख किलो पर पहुंची, सोना ₹1.61 लाख प्रति 10 ग्राम; इस साल दोनों धातुओं के भाव में बड़ी तेजी
नई दिल्ली (ए)। सोने-चांदी के बाजार में बुधवार को तस्वीर उलट रही। सोना जहां 610 रुपए गिरकर 1.61 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया, वहीं चांदी ने 2,299 रुपए की छलांग लगाकर 2.44 लाख रुपए प्रति किलो का भाव हासिल कर लिया। IBJA के आंकड़ों के अनुसार साल की शुरुआत से सोना करीब 28 हजार रुपए और चांदी करीब 14 हजार रुपए महंगी हो चुकी है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले महीनों में कीमती धातुओं में तेजी का रुख बना रह सकता है।
जनवरी में दोनों ने बनाया था रिकॉर्ड
इस साल सोने और चांदी के भाव में कई बार तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। 29 जनवरी को सोने की कीमत 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई थी। इसी दिन चांदी ने भी 3.86 लाख रुपए प्रति किलो का रिकॉर्ड स्तर बनाया था।
हालांकि इसके बाद दोनों धातुओं के भाव रिकॉर्ड स्तर से नीचे आए, लेकिन 2025 के अंतिम कारोबारी भाव की तुलना में अभी भी काफी ऊपर हैं।
31 दिसंबर 2025 को सोना 1.33 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम था, जबकि चांदी 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी। मौजूदा भाव के हिसाब से सोना करीब 28 हजार और चांदी करीब 14 हजार रुपए महंगी है।
एक्सपर्ट बोले- सोने को केंद्रीय बैंकों का सहारा
कोटक सिक्युरिटीज के सीनियर वीपी एवं कमोडिटी रिसर्च हेड अनिंद्य बनर्जी के अनुसार सोने की कीमतों को केंद्रीय बैंकों की खरीदारी से समर्थन मिल रहा है। वैश्विक आर्थिक और भू-राजनीतिक अनिश्चितता बनी रहने पर निवेशक सोने को सुरक्षित निवेश के तौर पर देख सकते हैं।
उनके मुताबिक दिसंबर तक सोना 1.70 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर तक पहुंच सकता है। चांदी भी 3 लाख रुपए प्रति किलो तक जाने की संभावना है।
सोना खरीदने से पहले जेब और शुद्धता दोनों जांचें
सोने की कीमत लगातार ऊंचे स्तर पर रहने के कारण आभूषण खरीदते समय सिर्फ बाजार भाव देखना पर्याप्त नहीं है। शुद्धता, वजन और मेकिंग चार्ज भी अंतिम बिल को काफी प्रभावित करते हैं।
BIS हॉलमार्क: आभूषण खरीदते समय BIS हॉलमार्क और संबंधित शुद्धता की जानकारी जरूर जांचें।
रेट की पुष्टि: खरीदारी से पहले उस दिन का 24, 22 और 18 कैरेट सोने का भाव पता करें। ज्वेलर द्वारा बताए गए वजन को भी दोबारा जांचें।
मेकिंग चार्ज: अलग-अलग ज्वेलर्स के मेकिंग चार्ज में अंतर हो सकता है। इसलिए लेबर कॉस्ट का विवरण मांगें और चार्ज पर बातचीत जरूर करें।
बिल जरूर लें: खरीदारी के बाद बिल में सोने की शुद्धता, वजन, दर, मेकिंग चार्ज और टैक्स आदि का विवरण जांच लें। इससे भविष्य में किसी विवाद की स्थिति में रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा।
suntimes 