छत्तीसगढ़ में चढ़ेगा पारा! अगले तीन दिनों में 39 डिग्री तक जा सकता है तापमान, सभी जिलों को चेतावनी

छत्तीसगढ़ में चढ़ेगा पारा! अगले तीन दिनों में 39 डिग्री तक जा सकता है तापमान, सभी जिलों को चेतावनी

प्रदेश में गर्मी की शुरुआत हो गई है। होली के बाद पारा चढ़ने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं। वहीं कई जिलों में लू के हालत को लेकर चेतावनी जारी किए हैं..

प्रदेश में मार्च में पारा 41.6 डिग्री पर पहुंचता है। ऐसा 2017 व 2022 में हो चुका है। हालांकि इस बार राहत मिल सकती है। 4 मार्च को होली पर लू नहीं चलेगी। अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रहेगा। पिछले साल मार्च के दूसरे सप्ताह में लू का अलर्ट जारी हो गया था। बिलासपुर समेत 13 जिलों में होली के दिन लू चली थी। कुछ शहरों में पारा 39 डिग्री पर पहुंच गया था।

दूसरे सप्ताह में लू चलने के आसार

मौसम विभाग के अनुसार इस साल दूसरे सप्ताह में लू चलने के आसार कम दिखाई दे रहे हैं। हालांकि ये देखने वाली बात होगी। राजधानी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से ढाई डिग्री ज्यादा है। पिछले साल 13 मार्च को अधिकतम तापमान 39 डिग्री को पार कर गया था। रात भी काफी गर्म हो गई थी और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री को पार कर गया था।

तापमान तो बढ़ेगा, लेकिन लू जैसी स्थिति नहीं

प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर अधिकतम तापमान करीब डेढ़ से दो डिग्री तक बढ़ा था। राजधानी में सुबह से तेज धूप खिली रही। यही नहीं दोपहर से शाम तक गर्म हवा चलती रही। इसके कारण अधिकतम तापमान चढ़ गया। जिन जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है, वह मध्य छत्तीसगढ़ के जिले हैं। यानी उत्तर व दक्षिण छत्तीसगढ़ में लू से राहत रहने की संभावना है। वहां तापमान तो बढ़ेगा, लेकिन लू जैसी स्थिति नहीं रहेगी। लू का अलर्ट का मतलब ये है कि अधिकतम तापमान 40 डिग्री या इससे ऊपर चला जाता है। वहीं ये सामान्य से 5 डिग्री अधिक रह सकता है। इसके बाद ही लू की स्थिति बनती है।

लू से बचने ये करें उपाय

पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं।

दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में जाने से बचें।

धूप में जाते समय सिर को कपड़े से ढंके।

हल्के, ढीले व आरामदायक कपड़े पहनें।

धूप में निकलने से पहले सनस्क्रीन लगाएं।

शराब पीने व कैफ़ीन से बचें।

अचानक गर्मी से ठंडी जगह या ठंड से गर्म जगह पर जाने से बचें।

गर्मियों में फैटयुक्त, मसालेदार व शक्करयुक्त खाने से बचें।.

लू लगने पर ये उपाय करें

तत्काल ठंडी या छायादार जगह पर चले जाएं।

शरीर को ठंडा रखने के लिए माथे पर ठंडे पानी की पट्टियां लगाएं।

घर के खिड़की-दरवाज़े खोल दें और कूलर या एसी चालू कर दें।

ताज़ा पानी पीएं, जैसे नारियल व छाछ।

इलेक्ट्रॉल घोल व नींबू पानी भी पीएं।

लू लगने से बेहोश होने पर डॉक्टर के पास लेकर जाएं।

लू लगने के लक्षण ऐसे

शरीर का तापमान तेज़ी से बढ़ना

पसीना आना बंद होना

उल्टी और मितली

जी मिचलाना

तेज़ बुखार

लूज़ मोशन

त्वचा का सूखना या गर्म होना