छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षा ड्यूटी का मानदेय बढ़ा, कर्मचारियों की तैनाती के नए नियम जारी

बड़े परीक्षा केंद्रों पर दो सहायक केंद्राध्यक्षों की होगी नियुक्ति, सुपरवाइजर से लेकर क्लर्क और चपरासी तक के भुगतान की दरें निर्धारित

छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षा ड्यूटी का मानदेय बढ़ा, कर्मचारियों की तैनाती के नए नियम जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों के बीच माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा केंद्रों के संचालन में लगे कर्मचारियों के मानदेय और उनकी संख्या को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। वर्ष 2026-27 की परीक्षाओं से लागू होने वाली इस व्यवस्था में केंद्राध्यक्ष को अधिकतम 200 रुपए प्रतिदिन मिलेंगे। वहीं, 500 तक परीक्षार्थियों वाले केंद्रों के लिए यह राशि 180 रुपए प्रतिदिन निर्धारित की गई है। परीक्षा केंद्र में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने के साथ सहायक केंद्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों और अन्य कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

मंडल की यह नई व्यवस्था हाईस्कूल, हायर सेकंडरी, शारीरिक शिक्षा पत्रोपाधि तथा डीएलएड की मुख्य और द्वितीय मुख्य परीक्षाओं के लिए लागू होगी। मानदेय संशोधन को वित्त समिति ने 6 अक्टूबर और कार्यकारी समिति ने 15 अक्टूबर 2026 की बैठकों में स्वीकृति दी थी।

500 से अधिक परीक्षार्थियों पर बढ़ेगी प्रशासनिक जिम्मेदारी

नए प्रावधान के तहत 500 तक विद्यार्थियों वाले परीक्षा केंद्र में एक सहायक केंद्राध्यक्ष की नियुक्ति होगी। परीक्षार्थियों की संख्या 500 से अधिक होने पर दो सहायक केंद्राध्यक्ष रखे जाएंगे। प्रत्येक सहायक केंद्राध्यक्ष को 150 रुपए प्रतिदिन मानदेय मिलेगा। बड़े केंद्रों में परीक्षा संचालन और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।

30 विद्यार्थियों पर दो पर्यवेक्षक रहेंगे तैनात

परीक्षा कक्षों में निगरानी के लिए 30 परीक्षार्थियों तक दो पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे। इसके बाद विद्यार्थियों की संख्या में प्रत्येक 15 की वृद्धि पर एक अतिरिक्त पर्यवेक्षक की तैनाती होगी। इस कार्य के लिए प्रति पर्यवेक्षक 75 रुपए प्रतिदिन निर्धारित किए गए हैं।

परीक्षार्थियों के अनुपात में बढ़ेंगे क्लर्क और चपरासी

कार्यालयीन कार्यों के लिए 400 तक विद्यार्थियों वाले केंद्र में एक क्लर्क रखा जाएगा। प्रत्येक 400 अतिरिक्त परीक्षार्थियों पर एक और क्लर्क की नियुक्ति होगी। इन्हें 60 रुपए प्रतिदिन दिए जाएंगे।

वहीं, परीक्षा केंद्र में प्रारंभिक तौर पर चार चपरासी नियुक्त किए जाएंगे। 500 तक विद्यार्थियों के लिए यह संख्या निर्धारित रहेगी। इसके बाद हर 150 अतिरिक्त परीक्षार्थियों पर एक और चपरासी की व्यवस्था होगी। चपरासी को प्रतिदिन 40 रुपए मानदेय मिलेगा।

प्रश्नपत्र लाने और उत्तरपुस्तिकाएं जमा कराने की जिम्मेदारी

परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था के तहत थाने से प्रश्नपत्र लाने तथा परीक्षा समाप्ति के बाद बिना जांची उत्तरपुस्तिकाओं को थाने में जमा कराने के लिए सुरक्षा गार्ड को 40 रुपए का भुगतान किया जाएगा।

प्रति विद्यार्थी के हिसाब से मिलेगा आकस्मिक खर्च

परीक्षा केंद्रों के संचालन में होने वाले छोटे-मोटे आवश्यक खर्चों के लिए भी मंडल ने अलग प्रावधान किया है। 200 तक परीक्षार्थियों वाले केंद्र को प्रति विद्यार्थी 4 रुपए और 200 से अधिक परीक्षार्थियों वाले केंद्र को प्रति विद्यार्थी 3 रुपए दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त जिन भुगतान मदों की दरों में संशोधन नहीं हुआ है, उनमें पुरानी व्यवस्था के अनुसार ही राशि मिलती रहेगी। मंडल के नए निर्देश आगामी 2026-27 परीक्षा सत्र से लागू होंगे।