छत्तीसगढ़ में रद्द हो सकती है आरक्षक भर्ती, गृहमंत्री विजय शर्मा बोले- सभी जगहों पर होगी जांच

छत्तीसगढ़ में रद्द हो सकती है आरक्षक भर्ती, गृहमंत्री विजय शर्मा बोले- सभी जगहों पर होगी जांच

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 5 हजार 967 पदों पर आरक्षकों की सीधी भर्ती हो रही है। इसमें राजनांदगांव में गड़बड़ी की वजह से 528 पदों की भर्ती को निरस्त हो गई है। गड़बड़ी में फंसे एक पुलिसकर्मी ने सुसाइड भी कर लिया। अब इस पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि और भी जगहों पर भर्ती की जांच होगी। जहां गड़बड़ी मिलेगी भर्ती निरस्त कर देंगे।

रायपुर में गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि एक भी जुगाड़ वाला सिलेक्शन नहीं होगा। सारे सिलेक्शन शुध्दता के साथ होंगे। साथ ही कांग्रेस के आरोपों को लेकर कहा कि इन लोगों को अपनी भर्ती की प्रक्रिया को ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि PSC में जो घोटाला किया, उसकी जांच हुई। उनके लोग जेल के अंदर हैं। अभी और कितने जेल के अंदर जाएंगे, उस पर ध्यान देना चाहिए। शराब घोटाला में लोग अंदर हैं। कैसे कोयला घोटाले में लोग अंदर हैं। इन बातों पर ध्यान देना चाहिए। 

गृहमंत्री विजय शर्मा से जब ये पूछा गया कि कुछ लोगों की गलती की वजह से अन्य कैंडिडेट परेशान हो रहे हैं, उनका क्या होगा। जवाब में उन्होंने कहा कि अन्य व्यक्तियों को अवसर मिलेगा, फिर से वह अवसर पाएंगे और अपना फिर से प्रदर्शन कर पाएंगे। इसमें यही रास्ता है। आप मुझे यह कहेंगे कि छांटकर जो चार लोग गलती किए हैं, उन्हें निकाल दो और बाकी सब को ठीक कर दो यह यह संभव नहीं है। जिन्होंने ठीक प्रदर्शन किया था, उन्हें फिर से अवसर दिया जाएगा।