‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर 62 वर्षीय महिला से 7 लाख की ठगी, भिलाई में साइबर गैंग सक्रिय

पुलिस बनकर किया वीडियो कॉल, शुरू हुआ खेल

‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर 62 वर्षीय महिला से 7 लाख की ठगी, भिलाई में साइबर गैंग सक्रिय

भिलाई में साइबर ठगों ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ का भय दिखाकर एक बुजुर्ग महिला से करीब 7 लाख रुपये ठग लिए। खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताने वाले आरोपियों ने कई दिनों तक वीडियो कॉल, मैसेज और फर्जी दस्तावेजों के जरिए महिला को मानसिक दबाव में रखकर वारदात को अंजाम दिया।

दुर्ग-भिलाई। भिलाई में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर 62 वर्षीय महिला से करीब 7 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। घटना सुपेला थाना क्षेत्र की है, जहां आर्य नगर कोहका निवासी निर्मला चौबे ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस के मुताबिक, 13 मार्च 2026 को महिला के मोबाइल पर एक वीडियो कॉल आया, जिसमें 5-7 लोग पुलिस वर्दी में नजर आए। इनमें से एक व्यक्ति ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का इंस्पेक्टर बताते हुए महिला को बताया कि उनके नाम से बैंक खाते में अवैध लेन-देन हो रहा है और वे जांच के दायरे में हैं।

आरोपियों ने महिला को ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाते हुए लगातार कॉल और मैसेज के जरिए मानसिक दबाव में रखा। डर के कारण महिला ने 16 मार्च को अपने एसबीआई खाते से 3 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से एक खाते में ट्रांसफर कर दिए।

इसके बाद 17 मार्च को दो युवक और एक युवती महिला के घर पहुंचे और 4 लाख रुपये की मांग की। पैसे की व्यवस्था नहीं होने पर आरोपियों ने महिला को सोना गिरवी रखने की सलाह दी। महिला ने मुथूट फाइनेंस में सोना गिरवी रखकर 4 लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए।

ठगों ने महिला को भरोसा दिलाया था कि जांच पूरी होने के बाद 15 अप्रैल के बाद पूरा पैसा वापस कर दिया जाएगा। इसी झांसे में महिला ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिवार को भी नहीं दी।

आरोपियों ने महिला को फर्जी एफआईआर की कॉपी और सुप्रीम कोर्ट के कथित आदेश भी दिखाए, जिससे वह पूरी तरह भ्रमित हो गई। आरोपियों ने 20 से अधिक बार वीडियो कॉल, दर्जनों फोन कॉल और कई मैसेज भेजकर महिला को लगातार डराया।

जब तय समय के बाद भी पैसा वापस नहीं मिला, तब महिला को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद 22 अप्रैल को उन्होंने अपने परिजनों के साथ पुलिस चौकी स्मृति नगर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इधर, भिलाई में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। एक दिन पहले ही दो अन्य मामलों में लाखों रुपये की ठगी की शिकायत सामने आई थी, जिससे शहर में साइबर अपराधियों की सक्रियता को लेकर चिंता बढ़ गई है।