डॉ. भीमराव अंबेडकर पर टिप्पणी का मामला: युवती की जमानत का विरोध तेज

बौद्ध समाज में आक्रोश; बोले—धर्म आहत करने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई, जमानत खारिज की मांग

दुर्ग। भिलाई में सोशल मीडिया पर डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। आरोपी युवती की जमानत याचिका के विरोध में बौद्ध समाज और बाबा साहब के अनुयायियों ने कड़ा विरोध जताया है।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले एक युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर बाबा साहब के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। वीडियो सामने आने के बाद समाज के लोगों में व्यापक आक्रोश फैल गया था, जिसके चलते विरोध प्रदर्शन भी हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की थी।

अब जब युवती की जमानत को लेकर प्रक्रिया शुरू हुई है, तो बौद्ध समाज के लोग एक बार फिर मुखर हो गए हैं। उनका कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणी न केवल असंवेदनशील है, बल्कि समाज और धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है।

समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत करने का साहस न कर सके। उन्होंने अदालत से आरोपी की जमानत खारिज करने और कड़ी सजा सुनिश्चित करने की मांग की है।

फिलहाल, इस मामले को लेकर क्षेत्र में संवेदनशील माहौल बना हुआ है और लोगों की नजरें न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।